साहिबगंज। झारखंड के साहिबगंज में शुक्रवार की शाम सबसे लंबा जलमार्ग तय करने वाला गंगा विलास क्रूज विदेशी सैलानियों को लेकर अपने निर्धारित तारीख से एक दिन पहले ही पहुंच गया। पहले इस क्रूज के 21 जनवरी को साहिबगंज आने की संभावना जताई गयी थी। रात में यह क्रूज गंगा नदी के समदा घाट पर रूका है। विदेशी सैलानियों से भरे इस क्रूज की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने चाक चौबंद व्यवस्था की है।
बनारस से डिग्रूगढ़ की सबसे लंबी नदी यात्रा पर निकला गंगा विलास क्रूज शिप तय समय से पहले शुक्रवार की शाम को मनिहारी के रास्ते झारखंड की सीमा में प्रवेश करते हुए साहिबगंज के समदा गंगा घाट पहुंचा। गंगा विलास क्रूज गंगा नदी में ही लंगर डालकर रात्रि हॉल्ट किया। वहीं, डीसी रामनिवास यादव के नेतृत्व में जिला प्रशासन की पूरी टीम ने समदा घाट पर गंगा विलास क्रूज में सवार विदेशी मेहमानों का स्वागत किया। जैप और जिला बल के जवानों को मोटर बोट और यात्री जहाज एवं मालवाहक जहाज में लेकर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात किया गया है।
डीसी रामनिवास यादव ने बताया कि शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे गंगा विलास से आए मेहमानों का भव्य स्वागत किया जाएगा और कार्यक्रम आयोजित किए जाएगा।

जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह विदेशी मेहमान मल्टी मॉडल बंदरगाह घूमेंगे, वहीं लोगों से मिलेंगे।

वहीं, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। गंगा और घाट को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मौके पर एसपी अनुरंजन किसकोट्टा, डीएफओ मनीष तिवारी, आईडब्ल्यूएआई निदेशक संजीव कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी संतोष गर्ग, जिला खनन पदाधिकारी विभूति कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सविता सिंह, एनडीसी मिथलेश झा, एसडीओ राहुल जी आनंद जी, एसडीपीओ सहित अन्य थे।
उल्लेखनीय है कि गंगा विलास क्रूज 51 दिनों के सफर पर है। डिब्रूगढ़ उसका अंतिम पड़ाव होगा। एमवी गंगा विलास शिप 62 मीटर लंबी और 12 मीटर चौड़ी है। इसमें तीन डेक है और 36 पर्यटकों की क्षमता वाले 18 सुइट्स है। क्रूज में स्विट्जरलैंड के 32 पर्यटक वाराणसी से डिब्रूगढ़ की यात्रा का आनंद उठाएंगे। वाराणसी से चलकर क्रूज आठवें दिन झारखंड के साहिबगंज पहुंची है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version