रांची। झारखंड में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप जारी है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। राज्य में खूंटी जिला सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान गिरकर 2.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि डाल्टेनगंज में यह 3.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तर-पश्चिम से आ रही बर्फीली हवाओं और पश्चिमी विक्षोभ के कारण मैदानी इलाकों में ठिठुरन बढ़ गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटों में झारखंड के 9 जिलों का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे चला गया है। हालांकि, राहत की बात यह है कि शुक्रवार को किसी भी जिले के लिए शीतलहर का ‘रेड’ या ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी नहीं किया गया है। राज्य में सुबह के समय हल्के से मध्यम दर्जे का कोहरा देखा जा रहा है, जिससे दृश्यता पर असर पड़ा है।

वहीं तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो रांची में न्यूनतम तापमान 9.0 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि चाईबासा में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बोकारो थर्मल 6.1 डिग्री, लोहरदगा 6.0 डिग्री और सरायकेला 6.1 डिग्री जैसे जिलों में भी हाड़ कंपाने वाली ठंड महसूस की जा रही है। पिछले 24 घंटों में राज्य का मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा है।

हालांकि मौसम विभाग ने राहत की उम्मीद जताते हुए कहा है कि अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा जायेगा। इसके बाद अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की धीरे-धीरे वृद्धि होने की संभावना है, जिससे लोगों को भीषण ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है। फिलहाल, सुबह और शाम लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version