नवादा। नवादा जिले के रोह थाना क्षेत्र में एक ग्रामीण चिकित्सक की नृशंस हत्या ने लोगों को स्तब्ध कर दिया है। कोसी गांव में क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर अशोक मिस्त्री का शव शुक्रवार को गोडीहारी गांव के बाहर एक खेत में अधजला हालत में मिला। उनका गला रेतकर और शरीर को आग के हवाले करने की कोशिश की गई थी।

परिवार के अनुसार, अशोक मिस्त्री गुरुवार को घर से निकले और फिर लौटे नहीं। शुक्रवार को उनका शव मिलने पर पता चला कि उनकी हत्या कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गहरी चोटों और जलने के स्पष्ट निशान मिले हैं। मृतक के पिता राजेंद्र मिस्त्री ने कहा कि उनके बेटे की किसी से दुश्मनी नहीं थी और वह केवल मरीजों की सेवा करते थे।

घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। एसडीपीओ हुलास कुमार ने बताया कि वैज्ञानिक तरीके से जांच जारी है और एक विशेष जांच दल गठित किया गया है। इस घटना ने पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश फैला दिया है। ग्रामीणों ने त्वरित गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version