देवघर। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की रैली से लौट रही बस रविवार तड़के सारठ-पालोजोरी मुख्य मार्ग पर बेकाबू होकर पेड़ से टकरा गयी। हादसे में बस में सवार तीन महिला, एक पुरुष और एक बच्चे की मौत हो गयी। घायलों को इलाज के लिए सारठ और देवघर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दुमका में शनिवार को हुई 40वें झारखंड दिवस की रैली से बस यात्रियों को लेकर लौट रही थी। घटना के बाद देवघर सदर अस्पताल में श्रम एवं नियोजन मंत्री राज पालीवाल ने मृतकों एवं घायलों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने मृतकों के आश्रितों को 50-50 हजार रुपये मुआवजा देने की घोषणा की।
बस में थे 40 से 45 यात्री
बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे। हादसे में मरने वालों में पवन (38), सुरजमुनी सोरेन (50), गुलम्बी मुर्मू (27), बदन हांसदा (60) और सुनील मरांडी (8) शामिल हैं। पूर्व स्पीकर शशांक शेखर भोक्ता और पूर्व मंत्री और मधुपुर हाजी हुसैन अंसारी ने घायलों का हालचाल जाना। सारठ कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में जरमुंडी विधायक बादल पत्रलेख और एसडीपीओ अरविंद उपाध्याय समेत कई अधिकारी भी पहुंचे। गंभीर रूप से घायलों लोगों को देवघर रेफर किया गया है। सभी मृतक मधुपुर विधानसभा क्षेत्र के हैं।