आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। कांग्रेस के राष्टय अध्यक्ष राहुल गांधी झारखंड के एक दिन के दौरे पर दो मार्च को रांची आयेंगे। कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता आलोक दुबे ने गुरुवार को बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष उस दिन रांची में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यह जनसभा भाजपा के खिलाफ राज्यभर में चलाये जा रहे प्रमंडलस्तरीय कांग्रेस लाओ, देश बचाओ महारैली की अगली कड़ी होगी। दुबे ने कहा कि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह और प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार ने राहुल गांधी से रांची आने का अनुरोध किया था।

इस पर राहुल गांधी ने सहमति दे दी है। उन्होंने बताया कि राहुल गांधी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद से ही लगातार उनके झारखंड दौरे के लिए कार्यकर्ता आग्रह कर रहे थे। पार्टी के संगठनात्मक चुनाव के दौरान भी राहुल गांधी से रांची आने का अनुरोध किया गया था। दुबे ने कहा कि राहुल के रांची दौरे की सहमति के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है। उनके कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए पूरे राज्य के कांग्रेस कार्यकर्ता भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए स्थल का चयन जल्द ही कर लिया जायेगा। आरपीएन सिंह और अजय कुमार पूरे कार्यक्रम के लिए रणनीति तैयार करेंगे, ताकि झारखंड के ज्यादा से ज्यादा लोग राहुल गांधी को सुन सकें। राज्य के आदिवासी, पिछड़े, गरीब, अल्पसंख्यक नौजवान एवं सभी लोगों को राहुल गांधी के कार्यक्रम में आमंत्रित किया जायेगा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version