नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि दुनिया हमारी सामूहिक इच्छाशक्ति को देख रही है। हमारी सेनाओं के सामर्थ्य पर हमें भरोसा है। प्रधानमंत्री ने देश से एकजुट रहने का आह्वान किया और कहा कि देश की भावनाएं एक अलग स्तर पर हैं। देश का वीर जवान सीमा पर और सीमा के पार भी अपना पराक्रम दिखा रहा है। पूरा देश आज एक है और हमारे जवानों के साथ खड़ा है।
दुनिया के अब तक के सबसे बड़े वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये देश भर के करीब 10 करोड़ लोगों के साथ एक साथ बात करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह बहुत आवश्यक है कि कुछ भी ऐसा न हो, जिससे सेना के मनोबल पर आंच आये या हमारे दुश्मनों को हम पर पर ऊंगली उठाने का मौका मिल जाये। दुश्मन भारत को अस्थिर करने की साजिश करता है। जब आतंकी हमला करता है, तो उनका एक मकसद यह भी होता है कि हमारी प्रगति रुक जाये, हमारी गति रुक जाये। हमारा देश थम जाये। उनके इस मकसद के सामने हर भारतीय को दीवार बन कर, चट्टान बन कर खड़ा होना है। इस वीडियो कांफ्रेंसिंग में बूथ स्तर के भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल हुए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश की सुरक्षा और सामर्थ्य का संकल्प लेकर हमारा जवान सीमा पर जुटा हुआ है। हम सब पराक्रमी भारत के नागरिक हैं। इसलिए हम सबको भी सिपाही बन कर देश की समृद्धि और सौहार्द्र के लिए दिन रात एक करना होगा। यह हमारी पहली जिम्मेदारी है। पराक्रमी कभी यह नहीं सोचता, बहुत हो गया, सो जाओ।’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर अधिक मेहनत करने की सलाह देते हुए कहा, ‘आपको गर्व होगा कि कैसे अपनी सरकार लोगों के जीवन में बदलाव ला रही है। आपके काम करने की प्रेरणा से संकल्प और मजबूत होगा कि इस प्रगति को रुकने नहीं देना है।’