रांची। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और वर्तमान में प्रदेश भाजपा के महामंत्री दीपक प्रकाश को पार्टी ने प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया है। इस संदर्भ में भाजपा के राष्टÑीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश भाजपा को सूचित भी कर दिया है। उन्होंने अपने पत्र के माध्यम से पार्टी जनों को यह सूचना दी है।
दीपक प्रकाश भाजपा के समर्पित नेताओं में गिने जाते हंै। वह केएन गोविंदाचार्य के भी काफी प्रिय माने जाते थे। 1990-91 में जब भी गोविंदाचार्य रांची आते थे, वह दीपक प्रकाश के साथ ही पार्टीजनों के यहां जाया करते थे। दीपक प्रकाश ने अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। वर्ष 2006 में वह भी बाबूलाल मरांडी के साथ कुछ समय के लिए भाजपा से अलग हो गये थे, जब बाबूलाल मरांडी ने जेवीएम का गठन किया। लेकिन कुछ ही दिनों के बाद वह पुन: भाजपा में लौट आये और तब से लेकर आज तक उनका हर समय भाजपा के लिए समर्पित है। दीपक प्रकाश को बहुत ही सहज-सरल नेता माना जाता है और उनकी पहचान हर जगह है। राज्य स्तर पर वह काफी लोकप्रिय हैं। केंद्रीय नेताओं से भी उनके गहरे संबंध रहे हैं। अमित शाह से लेकर जेपी नड्डा तक उन्हें व्यक्तिगत रूप से जानते हैं। वह बाबूलाल मरांडी के भी काफी करीब रहे हैं। पिछले काफी समय से यह अनुमान लगाया जा रहा था कि दीपक प्रकाश को लोकसभा या विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार बनायेगी, लेकिन हर बार उन्हें टिकट से वंचित कर दिया जाता था। लेकिन दीपक प्रकाश के चेहरे पर जरा भी शिकायत के भाव नहीं थे। वह लगातार पार्टी के प्रति समर्पित रहे और यही कारण है कि पार्टी आलाकमान ने उन्हें प्रदेश अध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पद से नवाजा है।
दीपक प्रकाश को यह पद तब मिला है, जब भारतीय जनता पार्टी को झारखंड में अपनी खोयी राजनीतिक जमीन हासिल करनी है। इसे देखते हुए उन्हें काफी चुनौतियों का भी सामना करना पड़ेगा, लेकिन सरल स्वभाव के कारण वह हर चुनौती को पार पा लेंगे, ऐसा पार्टीजनों को विश्वास है। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनाये जाने के बाद भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने उन्हें बधाई दी है। उन्होंने कहा कि एक समर्पित कार्यकर्ता को अध्यक्ष बनाया गया है, यह काफी सुखद है। बधाई देनेवालों में अर्जुन मुंडा से लेकर, लक्ष्मण गिलुवा और रघुवर दास से लेकर सुनील सिंह तक शामिल हैं। इनके अतिरिक्त पार्टी के तमाम सांसदों और विधायकों ने भी उन्हें बधाई दी है।
Previous Articleझारखंड से राज्यसभा की दो सीटों पर चुनाव 26 मार्च को
Next Article बड़ी खाई को पाटने में जुटी है सरकार : हेमंत
Related Posts
Add A Comment