दुमका। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि झारखंड में आम जनता की सरकार है। आम जन के सहयोग से सरकार अपने इरादों को हकीकत में बदल सकती है। ऐसे में सबके दुख-दर्द को समझना और उसे दूर करना हमारी विशेष प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को दुमका स्थित अपने आवास पर सैकड़ों की संख्या में आये लोगों की समस्याओं से रू-ब-रू हुए और उन्हें उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
दुमका के जिला विकलांग पुनर्वास केंद्र के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर पिछले 10 सालों से बिना किसी सहायता राशि के ही काम करने संबंधी अपनी समस्या बतायी। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं पर आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। 2016 में 269 बर्खास्त चतुर्थवर्गीय पुलिसकर्मियों ने फिर से बहाल करने की मांग रखी। मुख्यमंत्री ने इसपर संज्ञान लेने की बात कही। राज्य में करीब 1200 चौकीदारों को पांच साल काम करने के बाद हटा दिये जाने की शिकायत मुख्यमंत्री से की गयी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मामले में पूरी जानकारी लेकर कार्रवाई करेंगे।

किसी ने पुस्तक भेंट की, तो किसी ने गुलदस्ता
दुमका स्थित मुख्यमंत्री आवास में मुलाकात करने आये कुछ लोगों ने मुख्यमंत्री को भागवत गीता और अन्य पुस्तकें भेंट की। इसके अलावा कई लोगों ने गुलदस्ता और गुलाब के फूल दिये। मुख्यमंत्री ने भी सभी का शुक्रिया अदा किया। मुख्यमंत्री ने नयी दिल्ली में हुए नारी एक शान कार्यक्रम की विजेता सुकन्या चौधरी और उनकीएकेडमी के बच्चों को शुभकामनाएं दीं।

जीवित को मृत बता 350 बीघा जमीन हड़पने की शिकायत
दुमका प्रखंड के सोना डोगा गांव के लोगों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर बताया कि सुनीराम मुरमू नाम के एक व्यक्ति ने जीवित को मृत बताकर लगभग 350 बीघा जमीन हड़प ली। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे मामले की जांच करायी जायेगी और फिर उचित कार्रवाई होगी। इसके अलावा भी कई लोगों ने जमीन विवाद को लेकर मुख्यमंत्री को अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इसके अलावा झारखंड राज्य ग्राम रक्षा दल पंचायत सचिवालय सेवक संघ समेत कई और संगठनों और व्यक्तिगत तौर पर अपनी समस्याओं को लेकर फरियादियों ने मुख्यमंत्री के पास आवेदन सौंपा। मुख्यमंत्री ने उनकी समस्याओं का उचित निराकरण करने का आश्वासन दिया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version