आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। झारखंड सरकार की समन्वय समिति के सदस्य और झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की ने कहा है कि डाल्टेनगंज के पांकी में हुई आगजनी, तोड़फोड़ और सांप्रदायिक तनाव की घटना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंतनीय है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से न सिर्फ झारखंड का शांतिपूर्ण माहौल बल्कि इस प्रदेश की छवि भी प्रभावित होती है और निवेशकों में गलत संदेश जाता है। तिर्की ने सरकार से अपील की है कि, वह इस मामले में सभी दोषी पक्षों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने कहा कि झारखण्ड को पूरे देश में आपसी सद्भाव के लिये जाना जाता है। यह वैसा प्रदेश है जहां तनाव की कम-से-कम घटनाएं होती है और ऐसी घटनाओं को हर हाल में रोका जाना चाहिये। तिर्की ने कहा कि, पांकी की घटना के सन्दर्भ में प्रशासन को ना केवल दोषी तत्वों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करनी चाहिये बल्कि अपना आकलन भी करना चाहिये। उन्होंने कहा कि यदि कारणों पर पकड़ मजबूत हो जाये और जिम्मेदार तत्वों और कारण को पहचान लिया जाये तो इसके कारण भविष्य में ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटनाओं को रोका जा सकता है। पूर्व मंत्री ने कहा कि, भारतीय जनता पार्टी के लंबे शासनकाल के बाद पिछले 3 साल में झारखंड में वातावरण बदला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में सरकार सकारात्मक दिशा में तेजी से काम कर रही है और यह वैसे तत्वों को नहीं पच रहा है जो झारखंड का अहित चाहते हैं।
Palamu Division
Kolhan Division
Subscribe to Updates
Get the latest creative news from FooBar about art, design and business.
© 2026 AzadSipahi. Designed by Launching Press.



