लोहरदगा। जिले के सेन्हा थाना क्षेत्र में डंपिंग प्लांट की आड़ में अवैध बालू कारोबार करने वालों पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस की छापेमारी में बालू से लदे छह हाइवा वाहन जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई भड़गांव-नंदगांव पथ पर स्थित बीटीआईपीएल डंपिंग प्लांट परिसर में की गई, जहां निर्माण सामग्री तैयार करने के नाम पर लंबे समय से बालू का अवैध भंडारण और परिवहन चल रहा था।
पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी को गुप्त सूचना मिली थी कि सेन्हा थाना अंतर्गत भड़गांव क्षेत्र में बड़े पैमाने पर बालू का अवैध उत्खनन और ढुलाई हो रही है। इस सूचना की पुष्टि के बाद एसपी ने सेन्हा थाना प्रभारी नीरज झा को तत्काल छापेमारी का निर्देश दिया। पुलिस टीम ने प्लांट परिसर पर छापा मारकर छह हाइवा वाहन जब्त किए। जब्त वाहनों के रजिस्ट्रेशन नंबर जेएच 13जे 6362, जेएच 13जे 3825, जेएच 13जे 5141, जेएच 13जे 9876, जेएच 13जे 9290 एवं जेएच 13जे 8633 हैं।
पुलिस ने वाहन चालकों से बालू के वैध कागजात मांगे, लेकिन कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। इसके बाद सभी वाहनों को जब्त कर थाना परिसर में रखा गया। मामले की सूचना मिलने पर खनन निरीक्षक बसंत उरांव और अंचलाधिकारी पंकज कुमार भगत भी थाना पहुंचे और जब्ती का सत्यापन किया। सेन्हा थाना में कांड संख्या 28/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है और पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है। यह कार्रवाई अवैध खनन पर अंकुश लगाने की प्रशासन की गंभीरता को दर्शाती है।



