काठमांडू। नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की आज से हिमालयी जिलों के दो दिवसीय दौरे पर हैं। वह पांच मार्च को होने वाले प्रतिनिधि सभा चुनाव की तैयारियों और वस्तुस्थिति का जायजा लेंगी। यह जिले महालांगुर और गणेश हिमालय पर्वत शृंखलाओं के पास स्थित हैं, जिनमें मुस्तांग, मनांग, बाजुरा और सोलुखुम्बु शामिल हैं। ये जिले अपनी ऊंची चोटियों के लिए प्रसिद्ध हैं।
प्रधानमंत्री कार्की ने दौरे की शुरुआत सोलुखुम्बु से की। उनके साथ प्रमुख निजी सचिव आदर्श श्रेष्ठ और प्रेस सलाहकार रामबहादुर रावल सहित अन्य अधिकारी हैं। हेलिकॉप्टर से नाम्चे पहुंचीं और वहां से जिला मुख्यालय सल्लेरी गईं। कार्की का स्वागत प्रमुख जिला अधिकारी और सुरक्षा निकायों के जिला प्रमुखों ने किया।
प्रेस सलाहकार रावल के अनुसार, जिला अधिकारियों ने बताया कि पांच मार्च के चुनाव में कोई समस्या नहीं होगी। उन्होंने कहा, “पिछले वर्षों के रिकॉर्ड से मार्च में बर्फबारी नहीं हुई है, इसलिए चुनाव में दिक्कत नहीं होगी।” सोलुखुम्बु की प्रमुख जिला अधिकारी लीला केसी पाण्डे ने बताया कि जिले में 123 मतदान स्थल हैं। यदि बर्फबारी हुई तो सात मतदान स्थल प्रभावित हो सकते हैं, जिनमें से चार नाम्चे से ऊपर हैं। फिलहाल सभी मतदान स्थल सामान्य स्थिति में हैं। रावल ने कहा कि हिमाली जिलों का आकलन करने के बाद प्रधानमंत्री पश्चिमी क्षेत्रों का दौरा करेंगी।

