पश्चिमी सिंहभूम। मंझारी थाना क्षेत्र अंतर्गत गांगीमुंडी गांव स्थित जंगल में जंगली हाथियों ने एक महिला को कुचल दिया। मौके पर ही महिला की मौत हो गयी। मृतका की पहचान मंझारी थाना क्षेत्र के गांगीमुंडी गांव निवासी बबींद्र कुंकल (40) के रूप में हुई है। पहुंची ने रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजनों को सौंप दिया।
ग्रामीणों ने बताया कि शनिवार को बबींद्र कुंकल गांव की अन्य महिलाओं के साथ जंगल में पत्ता तोड़ने गयी थी। तभी हाथियों का झुंड आ गया। बबींद्र कुंकल हाथियों को देखकर भागने लगी लेकिन तीन हाथियों ने उसे चारों से घेर लिया। वह भाग नहीं सकी। इसके बाद उसे हाथियों ने पटक-पटक कर मार डाला। अन्य महिलाओं ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचायी।
जान बचाकर गांव पहुंची महिलाओं ने ग्रामीणों को घटना के बारे में जानकारी दी। डर से लोग जंगल नहीं गये। कुछ देर के बाद ग्रामीणों ने हिम्मत जुटायी और जंगल की ओर गये। महिला के शव को उठाकर घर ले आये। ग्रामीणों ने बताया कि जंगली हाथियों का झुंड जंगल में डेरा जमाये हुए है। हाथियों के आतंक से आसपास के गांव के लोग भयभीत हैं।