देवघर। झारखंड के पूर्व डिप्टी सीएम और आजसू पार्टी के सुप्रीमो सुदेश महतो रविवार को देवघर पहुंचे। देवघर पहुंचने के बाद उन्होंने बाबा मंदिर में पूजा की और भगवान भोलेनाथ से पूरे राज्य के लोगों के लिए बेहतर भविष्य की कामना की। देवघर पहुंचने के बाद सुदेश महतो ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वर्तमान में बजट सत्र सदन में चल रहा है लेकिन जिस तरह से सत्ता पक्ष के बीच में कम्युनिकेशन गैप दिख रहा है यह कहीं ना कहीं राज्य के विकास के लिए बाधक है। आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो ने कहा कि जिस तरह से सत्ता पक्ष के नेताओं के बीच विचारों में अंतर देखने को मिल रहा है, यह कहीं ना कहीं राज्य के लोगों के लिए दुखद है। क्योंकि राज्य के लोग अपने विधायक को उम्मीद के साथ चुनते हैं ताकि उनके विधायक सदन में उनकी समस्या को उठा सकें।

उन्होंने संथाल क्षेत्र में बढ़ रहे बांग्लादेशी घुसपैठ पर बयान देते हुए कहा कि यह निश्चित ही राज्य की सुरक्षा पर सवाल खड़ा करता है। इसमें कोई शक नहीं है कि झारखंड के बॉर्डर इलाके से बांग्लादेशी घुसपैठ घुस रहे हैं। झारखंड और पश्चिम बंगाल सरकार इसको लेकर गंभीर नहीं है।

आजसू का मुख्य उद्देश्य समस्याओं को उठाना
बांग्लादेशी घुसपैठ को रोकने के लिए सुदेश महतो ने कहा कि भारत सरकार इस समस्या पर संज्ञान ले और वैसे लोगों को चिह्नित करे जो गलत तरीके से झारखंड में घुस रहे हैं। वैसे लोगों को चिह्नित कर भारतीय कानून के हिसाब से कार्रवाई भी करें। पिछले चुनाव में आजसू पार्टी की करारी हार और पूरे सदन में सिर्फ एक विधायक होने के सवाल पर सुदेश महतो ने कहा कि सदन में विधायकों की संख्या नहीं बल्कि आम लोगों की समस्याओं को उठाना मुख्य उद्देश्य है, जो वो एक विधायक के माध्यम से भी कर रहे हैं।

बंगाल और ओड़िशा में होगी पार्टी की बैठक
वहीं उन्होंने कहा कि पार्टी को मजबूत करने के लिए वह लगातार बैठकें आयोजित कर रहे हैं। झारखंड के सभी प्रमंडल में बैठक करने के बाद वह पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए बंगाल और ओड़िशा में भी बैठक करेंगे। बिहार में होने वाले विधानसभा चुनाव के सवाल पर उन्होंने कहा कि बिहार का चुनाव काफी महत्वपूर्ण है और झारखंड के बगल के राज्य होने के कारण आजसू पार्टी की नजर बिहार चुनाव पर जरूर रहेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version