कोलकाता। पश्चिम बंगाल में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। अलीपुर मौसम विभाग ने राज्यभर में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। दक्षिण बंगाल में गुरुवार से रविवार तक और उत्तर बंगाल में शुक्रवार से रविवार तक आंधी-बारिश का असर दिखेगा। कई जिलों में तेज़ आंधी के साथ ओलावृष्टि और बिजली गिरने की आशंका है।
मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को सबसे अधिक बारिश की संभावना बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, हुगली और पूर्व बर्दवान में है। इन जिलों में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ आंधी चल सकती है। शुक्रवार को दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में छिटपुट बारिश होगी, लेकिन बांकुड़ा, झाड़ग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, हुगली और पूर्व बर्दवान में ज़्यादा असर रहेगा। शनिवार को बीरभूम, पूर्व बर्दवान, मुर्शिदाबाद, नदिया, उत्तर और दक्षिण 24 परगना तथा पूर्व मेदिनीपुर में बारिश की संभावना है। रविवार को लगभग पूरे दक्षिण बंगाल में बौछारें पड़ सकती हैं।
उत्तर बंगाल में शुक्रवार से बारिश और आंधी-तूफान की संभावना है। कई इलाकों में ओलावृष्टि हो सकती है। यहां 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज़ हवाएं चल सकती हैं। शनिवार को उत्तर बंगाल के सभी जिलों में बारिश हो सकती है, जबकि मालदा, दक्षिण दिनाजपुर और अलीपुरद्वार में ओलावृष्टि की संभावना है।
कोलकाता में गुरुवार शाम या रात से बारिश शुरू हो सकती है। शुक्रवार और शनिवार को भी आंधी-बारिश के आसार हैं। इससे आईपीएल के उद्घाटन मैच पर संकट के बादल मंडरा रहे हैं।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, असम में एक चक्रवात सक्रिय है, जबकि छत्तीसगढ़ से कर्नाटक तक और कर्नाटक से केरल तक दो ट्रफ लाइन बनी हुई हैं। साथ ही, उत्तर-पश्चिम भारत के पहाड़ी इलाकों में एक नया पश्चिमी विक्षोभ प्रवेश कर चुका है, जिससे बंगाल में मौसम बिगड़ने की संभावना है।