खूंटी। जिले के तोरपा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हाईटेंशन बिजली तार चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने छापेमारी कर सात आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में उत्तर प्रदेश का रमजानी (33), बिहार का चांद मोहम्मद (25), खूंटी का इब्राहिम खान उर्फ इरफान (40), गुमला का शेख अप्पू (24), दिलकस खान उर्फ टेटे (20), मनीष लोहरा उर्फ शिशु (25) और बजरंग लोहरा उर्फ माटु (19) शामिल हैं।
पुलिस को 10 मार्च की रात गुप्त सूचना मिली थी कि तोरपा-खूंटी रोड पर कृषि विज्ञान केंद्र के पीछे बिजली के खंभे से हाईटेंशन तार काटकर पिकअप वाहन पर लोड किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक खूंटी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने देखा कि कुछ लोग बिजली के खंभे से हाईटेंशन तार काटकर उसे पिकअप वाहन पर लोड कर रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से कुल 8 बंडल हाईटेंशन बिजली तार बरामद किया गया, जिसका वजन लगभग 250 किलोग्राम है। इसके अलावा एक तार काटने की मशीन, पिकअप वाहन (रजिस्ट्रेशन नंबर JH01AR-7335) और पांच मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
इस कार्रवाई में तोरपा एसडीपीओ खिस्तोफर केरकेट्टा, इंस्पेक्टर अशोक कुमार सिंह, तोरपा थाना प्रभारी मुकेश कुमार यादव सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह ने पहले किन-किन इलाकों में इस तरह की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है।



