रांची। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अधिकारियों पर लगे मारपीट और गंभीर दुर्व्यवहार के आरोपों की जांच अब केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) करेगी। दिल्ली स्थित स्पेशल क्राइम ब्रांच (III) के डीएसपी मोहित कुमार को इस हाई-प्रोफाइल मामले की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सीबीआई ने संतोष कुमार द्वारा रांची के एयरपोर्ट थाने में दर्ज कराई गई प्राथमिकी को आधिकारिक तौर पर रजिस्टर कर लिया है और इसकी सूचना झारखंड हाईकोर्ट को दे दी है।

हाईकोर्ट के निर्देश पर कार्रवाई यह पूरी कार्रवाई झारखंड हाईकोर्ट द्वारा 11 मार्च को याचिका संख्या WP(cr)52/2026 में दिए गए आदेश के आलोक में की जा रही है। सीबीआई द्वारा 16 मार्च को दर्ज किए गए ‘रेगुलर केस’ में ईडी के दो अधिकारियों, प्रतीक और शुभम, को नामजद अभियुक्त बनाया गया है।

गंभीर धाराओं में फंसी ईडी की टीम संतोष कुमार द्वारा लगाए गए आरोपों में कई संगीन धाराएं शामिल हैं। मामले में मुख्य रूप से:

  • स्वेच्छा से चोट पहुंचाना और गलत तरीके से बंधक बनाना।

  • हत्या की कोशिश और जान से मारने की धमकी देना।

  • शांति भंग करने के इरादे से जानबूझकर अपमानित करना।

  • किसी अपराधी को बचाने के लिए झूठी जानकारी देना।

सीबीआई अब इस मामले के हर पहलू की जांच करेगी कि क्या ईडी की छापेमारी या पूछताछ के दौरान वास्तव में नियमों का उल्लंघन हुआ था। इस जांच के आदेश से प्रशासनिक और कानूनी गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version