रांची। झारखंड की राजधानी Ranchi में शनिवार रात हुई रेस्टोरेंट फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी है। इस मामले में कुख्यात गैंगस्टर Prince Khan ने घटना की जिम्मेदारी लेते हुए रेस्टोरेंट संचालक को दोबारा धमकी दी है। बताया जा रहा है कि उसने ऑडियो मैसेज भेजकर कहा है कि अगर रंगदारी की रकम नहीं दी गई तो इस बार गोली नहीं बल्कि बम से हमला किया जाएगा। पुलिस सूत्रों ने इस धमकी की पुष्टि की है।
जानकारी के अनुसार, Lodhma Road स्थित कुतियातु चौक के पास Hotel Tito’s में शनिवार देर रात हथियारबंद अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस गोलीबारी में होटल के कर्मचारी मनीष की मौत हो गई थी। घटना के कुछ घंटों बाद ही रेस्टोरेंट संचालक के मोबाइल पर प्रिंस खान का ऑडियो मैसेज आया, जिसमें उसने इस हमले की जिम्मेदारी ली और रंगदारी की मांग दोहराई।
रेस्टोरेंट के मालिक Rajkumar Gop ने बताया कि इससे पहले भी 25 दिसंबर को प्रिंस खान के नाम पर उनसे एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। उस समय उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी थी, जिसके बाद उन्हें करीब एक महीने के लिए बॉडीगार्ड भी दिया गया था। हालांकि हाल ही में वह सुरक्षा वापस ले ली गई थी।
राजकुमार गोप का कहना है कि अपराधियों का असली निशाना वही थे, लेकिन अंधाधुंध फायरिंग के दौरान उनके रिश्तेदार और होटल कर्मचारी मनीष की गोली लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद उनके परिवार में डर का माहौल है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वासेपुर का कुख्यात अपराधी प्रिंस खान फिलहाल पाकिस्तान में छिपा हुआ बताया जा रहा है। इससे पहले वह दुबई में रहकर अपने गैंग का संचालन करता था। झारखंड पुलिस की पहल पर उसके खिलाफ Red Corner Notice भी जारी किया जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद वह अब तक गिरफ्त से बाहर है।
फिलहाल रांची पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अपराधियों की तलाश के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
