काठमांडू। नेपाल की राजधानी काठमांडू में सोमवार को जेन-जी आंदोलन की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग को लेकर तीखा प्रदर्शन हुआ। मैतीघर मंडला में जेन-ज़ी मूवमेंट एलायंस नेपाल, नेपाल जेन-ज़ी फ्रंट और जेन-ज़ी सिविक फोरम के संयुक्त बैनर तले सैकड़ों प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
गौरी बहादुर कार्की के नेतृत्व में गठित जांच आयोग ने आंदोलन की जांच पूरी कर रिपोर्ट सरकार को सौंप दी थी। रविवार को हुई कैबिनेट बैठक में रिपोर्ट स्वीकृत होने के बावजूद सार्वजनिक नहीं किए जाने पर विरोध भड़क उठा। प्रदर्शन की अगुवाई कर रहीं रक्षा बम ने चेतावनी दी कि जब तक रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं होगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से तुरंत रिपोर्ट सार्वजनिक करने और आंदोलन से जुड़े घटनाक्रमों की पारदर्शी जानकारी देने की मांग की। जेन-जी आंदोलन नेपाल में एक महत्वपूर्ण राजनीतिक घटनाक्रम रहा है और इसकी जांच रिपोर्ट में कई अहम खुलासे होने की संभावना है।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार रिपोर्ट छिपाकर जनता को गुमराह कर रही है। उन्होंने आंदोलन के दौरान हुई हिंसा और प्रशासनिक नाकामी की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने पर जोर दिया। सुरक्षा बलों ने प्रदर्शन स्थल पर कड़ी निगरानी रखी। सरकार ने आश्वासन दिया है कि रिपोर्ट जल्द ही सार्वजनिक कर दी जाएगी।

