श्रीनगर/रांची: कश्मीर में भारी हिमपात से कई स्थानों पर हिमस्खलन की घटनाएं हुईं। इसकी चपेट में बटालिक सेक्टर में भारतीय सेना का एक पोस्ट आ गया है। जानकारी के अनुसार इस घटना में पांच सैनिक बर्फ में दब गये हैं, जिनमें से तीन सैनिकों की मौत की खबर आयी है। शहीद हुए तीनों जवान झारखंड के रहने वाले हैं। बर्फ में दबे दो सैनिक सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
शहीद हुए जवानों में रांची के रहने वाले हवलदार प्रभु सहाय तिर्की, पाकुड़ के रहनेवाले लांस नायक बिहारी मरांडी एवं रांची के रहने वाले सिपाही कुलदीप लकड़ा शामिल हैं।
43 वर्षीय प्रभुदेव शायु किरके रांची के सिमना गांव के, 34 वर्षीय बिहारी नायक पाकुड़ के हिरणपुर के रामनाथपुर के रहने वाले थे, जबकि 22 वर्षीय कुलदीप लकड़ा रांची के बिशाखा तंगा के रहने वाले थे।
प्रभुदेव शायु किरके की पत्नी का नाम सुचेता किरके है। बिहारी मरांडी के पिता का नाम बब्बन मरांडी है एवं कुलदीप लकड़ा की मां का नाम गोरोती कुजूर है।
इस संबंध में भारतीय सेना के उधमपुर मुख्यालय के नॉर्दर्न कमांड ने जानकारी दी कि अभूतपूर्व हिमपात के कारण गुरुवार को देर रात हिमस्खलन की कई घटनाएं हुईं, जिसमें बटालिक सेक्टर में स्थित एक सैन्य चौकी मलबे के नीचे दब गयी। मलबे में दबे पांच जवानों में से दो को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि शुक्रवार की सुबह बर्फ में दबे तीन जवानों के शवों को निकाला गया। शवों को उनके घर भेजने की व्यवस्था की जा रही है। शनिवार को तीनों के शव झारखंड पहुंचने की संभावना है।
शहीदों के परिजनों को दो 2-2 लाख देगी सरकार : सीएम

रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने जम्मू कश्मीर में शहीद हुए झारखंड के सपूतों के प्रति दु:ख जताया है। दास ने शुक्रवार को कहा कि जम्मू कश्मीर में शहीद हुए झारखंड के वीर सपूतों को नमन। भारत माता की रक्षा करते हुए तीनों सपूतों ने अपने प्राण न्योछावर कर दिया। उनका बलिदान व्यर्थ नहीं जायेगा। उन्होंने कहा कि राज्य की सवा तीन करोड़ जनता और सरकार उनके परिजनों के साथ है। उनकी हरसंभव सहायता की जायेगी। झारखंड के शहीद हुए तीनों जवानों के परिजनों को झारखंड सरकार 2-2 लाख रुपये की आर्थिक मदद करेगी।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version