रांची: एक ओर पूरे देश में महिला सशक्तिकरण की बात हो रही है, वहीं रिम्स में सुरक्षा गार्डों की गुंडई के कारण महिलाओं को शर्मसार होना पड़ रहा है। आये दिन यहां मानवता शर्मसार हो रही है। पिछले साल सितंबर माह में वृद्ध महिला को जमीन पर ही भोजन परोसने का मामला सामने आया था। अब महिला के साथ धक्का-मुक्की कर खाना जमीन पर गिराने का मामला सामने आया है। बीमार युवा पुत्र का इलाज कराने आयी ग्रामीण महिला रीता कुंवर को गार्डों ने इतनी जोर से धक्का दिया कि वह जमीन पर औंधे मुंह गिर गयीं। इतना ही नहीं गार्डों ने उनके हाथ से इंट्री पास छीन कर फाड़ दिया। धक्का देने से गिरी महिला का सारा खाना जमीन पर गिर गया। गर्म खाना गिरने से महिला के कई अंग मामूली रूप से जल गये हैं।
लातेहार जिला अंतर्गत बालूमाथ से अपने बीमार पुत्र दिनेश प्रजापति (उम्र 30 वर्ष) के इलाज के लिए उसकी मां रीता कुंवर गुरुवार को ही रांची आयी हैं। इसीलिए उन्हें घर से बर्तन आदि लाने का मौका नहीं मिल सका है। वह प्लास्टिक बैग में बेटे के लिए खिचड़ी लेकर जा रही थीं। उनके बेटे दिनेश प्रजापति का इलाज डॉ विनय प्रताप की यूनिट में चल रहा है।
24 घंटे से बेटे ने कुछ नहीं खाया : रीता
रीता कुंवर ने बताया कि उनके बेटे ने पिछले 24 घंटे से कुछ नहीं खाया है। जब से यहां आयी हैं, उसका पेट फूला हुआ है, इसलिए डॉक्टरों ने उसे खिचड़ी खिलाने को कहा था। वह बाहर से खिचड़ी लेकर आ रही थीं, तब गार्डों ने रोक कर पास मांगा। पास दिखाने पर छीन कर फाड़ दिया। इसका विरोध करने पर उन्होंने धक्का-मुक्की शुरू कर दी। इससे वह गिर पड़ीं। गर्म खिचड़ी से उनका हाथ, पैर और पेट आंशिक रूप से जल गया है।