पाकुड़: लिट्टीपाड़ा की एक घटना ने पूरे झारखंड को शर्मसार कर दिया है। यहां एक नाबालिग दिव्यांग बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इसमें आरोपी को झामुमो का नेता बताया जा रहा है। पुलिस थाना में दर्ज प्राथमिकी के मुताबिक जोरडीहा पंचायत के झामुमो अध्यक्ष बाबूजी हेंब्रम का भाई डिप्टी हेंब्रम उपरोक्त घटना का मुख्य नामजद आरोपी है। वह चुनाव में जोरडीहा पंचायत में अपने भाई के साथ महत्वपूर्ण भूमिका में था और पहले से जनता के बीच दबंगई कर रहा था।
चुनाव के बाद से ही झामुमो नेता कर रहे गुंडागर्दी: भाजपा
भाजपा ने आरोप लगाया है कि चुनाव जीतते ही झामुमो ने लिट्टीपाड़ा में गुंडागर्दी शुरू कर दी है और जनता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया है। भाजपा जिलाध्यक्ष देवीधन टुडू ने कहा कि लिट्टीपाड़ा में नाबालिग तथा दिव्यांग बच्ची के साथ झामुमो के दबंग कार्यकर्ता ने दुष्कर्म कर शर्मनाक मानसिकता का परिचय दिया है। जिलाध्यक्ष ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि जीत के नशे में चूर झामुमो कार्यकर्ताओंं पर लगाम लगायी जाये और आरोपी झामुमो कार्यकर्ता को शीघ्र गिरफ्तार किया जाये।
दहशत में पीड़ित परिवार
टुडू ने कहा कि पीड़ित परिवार इतना ज्यादा दहशत में था कि उन्हें 24 घंटे तक थाना जाने की हिम्मत नहीं हुई। बाद में गांववालों के सहयोग से पीड़ित परिवार शुक्रवार को थाना आ सका और प्राथमिकी दर्ज करवायी। इसमें नाबालिग बच्ची ने कहा कि गुरुवार की सुबह वह पानी लाने गयी थी। आरोपी वहां पहले से घात लगाये बैठा था। उसने बोरा उठाने के बहाने दबाव देकर उसे घर ले गया। वहां धोखा से उसने उसका मुंह तथा हाथ बांध कर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। उसने चीखने-चिल्लाने की काफी कोशिश की। परंतु मुंह बंधे होने के कारण आवाज दूर तक नहीं जा सकी। उस समय गांववाले महुआ चुनने गये हुए थे।
वोट नहीं देनेवालों को प्रताड़ित कर रहे झामुमो कार्यकर्ता
भाजपा नेता टुडू ने कहा कि गांव में झामुमो कार्यकर्ता उन लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं, जिन्होंने झामुमो के पक्ष में मतदान नहीं किया। जिला प्रशासन को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए और जनता तथा अन्य दलों के समर्थकों को सुरक्षा प्रदान की जानी चाहिए।
Previous Article36.14 लाख और विदेशी हथियारों के साथ उग्रवादी धराया
Next Article सीएम रघुवर की पहल लाने लगी रंग