बरकाकाना: प्रदूषण को लेकर पोचरा और जेमरा की महिलाओं ने रेलव साईडिंग पर विरोध प्रदर्शन कर लोडिंग अनलोडिंग कार्य ठप करा दिया। मंगलवार की सुबह 9:30 बजे दर्जनों की संख्या में महिलाएं रेलवे साईडिंग पहुंची। जहां महिलाओं ने प्रदूषण के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महिलाओं ने कहा कि रेलवे साईडिंग पोचरा के बिल्कुल समीप बना दिया गया है। धूल और गर्द से लोगों का जीना मुहाल हो रहा है। साईडिंग स्थानांतरित करने को लेकर पहले भी धरना प्रदर्शन किया गया। रेल मंत्रालय से लेकर राज्य के मुख्यमंत्री, राज्यपाल, स्थानीय सांसद, विधायक सहित कई वरीय अधिकारियों को ज्ञापन देकर समस्या से अवगत कराया।

बावजूद इसके कोई पहल नहीं की गयी। मामले को लेकर ग्रामीणों की ओर से झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की गयी है। लेकिन प्रदूषण पर किसी तरह की रोकथाम नहीं हो रही है। महिलाओं ने इस दौरान लोडिंग अनलोडिंग कार्य बंद करा दिया। जिसकी सूचना मिलने पर आरपीएफ के जवान साईडिंग पर पहुंचे और महिलाओं को समझाने का प्रयास किया। जबकि महिलाओं का विरोध जारी रहा। काफी गहमागहमी के बाद आरपीएफ के जवानों ने महिलाओं पर केस दर्ज करने की चेतावनी देते हुए काम पुन: चालू करा दिया। जिसके बाद महिलाएं वापस लौट गयी। प्रदर्शनकारियों में सावित्री देवी, बसंती देवी, मुनिया देवी, ललकी देवी, सुनीता देवी, रिमी देवी, सीमा देवी, लक्ष्मी देवी, गीता देवी, फूलो देवी, मुरली देवी, दुलारी देवी, षीला देवी, अंजलि देवी, सुमन देवी सहित कई महिलाएं शामिल थीं।

लिफ्टर ने महिलाओं को दी धमकी
प्रदर्शन समाप्त कर लौट रही महिलाओं ने कहा कि रेलवे साईडिंग पर स्थानीय लिफ्टर ने दुर्व्यवहार करते हुए महिलाओं के प्रति अभद्र भाषा प्रयोग किया। जाति सूचक बात करते हुए काम रोकने पर देख लेने की धमकी भी दी। इस दौरान आरपीएफ के जवान सब देखते रहे। दुव्यर्वहार पर महिलाओं में आक्रोश बढ़ता देख आरपीएफ सअनि दानियल तिर्की ने महिलाओं को समझा बुझाकर मामला शांत कराया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version