आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। एम्स में अपनी सेवा दे चुकी रांची की रहने वाली डॉक्टर पर शुक्रवार को बरियातू के जोड़ा तालाब के पास हमला किया गया। उनके कार के शीशे तोड़ डाले और कार पर थूका भी गया। डॉ गीता किडनी ट्रांसप्लांट सर्जन हैं और कोकर के सैमफोर्ड अस्पताल में अपनी सेवा दे रही हैं। जानकारी के अनुसार डॉक्टर जोड़ा तालाब के रास्ते अस्पताल जा रही थीं। उसी दौरान बरियातू थाना क्षेत्र के जोड़ा तालाब के पास दो युवकों ने उनकी कार को रोका और मारपीट की कोशिश की। इस दौरान हमलावरों ने उनकी कार का शीशा तोड़ दिया और कार पर थूका भी। इसकी सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने दोनों हमलावरों को धर दबोचा। मामले की जानकारी मिलते ही रांची रेंज के डीआइजी एवी होमकर, एसएसपी अनीश गुप्ता सहित अन्य अधिकारी पहुंच गये और डॉक्टर से पूरे मामले की जानकारी ली।

डॉ गीता के अनुसार अपराधी शराब के नशे में धुत थे। बरियातू स्थित अपने घर से कोकर चौक स्थित सैमफोर्ड अस्पताल जा रही थीं। डॉ गीता के अनुसार इसी दौरान तालाब के पास दो लड़कों ने उन्हें रोका और हमला किया।
पुलिस अब यह पड़ताल कर रही है की अपराधियों ने डॉक्टर पर शराब के नशे में हमला किया या फिर किसी और वजह से। इस घटना के बाद रांची के डॉक्टरों ने अपनी सुरक्षा की मांग की है। डॉक्टर महकमे में नाराजगी है। उनका कहना है इन दिनों डॉक्टर कोरोना वायरस के खतरे को कम करने के लिए जूझ रहे हैं और उन पर ही हमला किया जा रहा है। इस हमले की आइएमए ने भी कड़ी निंदा की है।

डॉक्टर पर नहीं था हमला : एसएसपी
रांची के एसएसपी अनीश गुप्ता ने कहा कि हमला डॉक्टर पर नहीं था। दो नशेड़ी थे, जो आने-जानेवाले लोगों पर पत्थर फेंक रहे थे। दो बाइक सवार और अन्य लोगों पर भी पत्थर फेंके गये थे। एक पत्थर डॉक्टर के वाहन पर भी लगा। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version