• अर्जुन साव को पीटा, आंखें फोड़ दीं, मरने पर शव को फूंक दिया
  • अंबादाह में मिली लाश, लोगों का फूटा गुस्सा
  • थाना प्रभारी समेत चार पुलिसकर्मियों पर हत्या का मामला दर्ज, निलंबित

आजाद सिपाही संवाददाता
कोडरमा। डोमचांच थाना क्षेत्र के सपही निवासी ढीबरा कारोबारी अर्जुन साव को उन खाकी वर्दीवालों ने मार डाला, जिन पर समाज की सुरक्षा की जिम्मेवारी है। अर्जुन को डोमचांच पुलिस ने पकड़ा और इतना पीटा कि उसकी मौत हो गयी। पुलिसवालों को इतने से ही संतोष नहीं हुआ। उन्होंने अर्जुन की आंखें फोड़ दीं और लाश को फूंक दिया। उसकी अधजली लाश अंबादाह इलाके से बरामद हुई। इसके बाद लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पुलिस के खिलाफ जगह-जगह प्रदर्शन किया। बाद में एसपी कुमार गौरव ने डोमचांच थाना प्रभारी शशिकांत कुमार समेत चार पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। उन्हें निलंबित भी कर दिया गया है।
क्या है घटना
सपही के अर्जुन साव (55) ढीबरा कारोबारी थे। बुधवार तो तड़के करीब तीन बजे डोमचांच पुलिस ने ढीबरा लदी गाड़ियों के साथ उन्हें पकड़ा। बताया जाता है कि थाना प्रभारी शशिकांत कुमार की उनसे पुरानी खुन्नस थी, क्योंकि अर्जुन उनकी मांग को पूरा नहीं कर रहे थे। इस बार थाना प्रभारी ने उनसे 50 हजार रुपये की मांग की, लेकिन अर्जुन ने इसे देने में असमर्थता जतायी। इसके बाद थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआइ विकास पासवान, सतीश पांडेय और नवीन होरो ने अर्जुन की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। अर्जुन रहम की भीख मांगते रहे, लेकिन इन पुलिसवालों की दरिंदगी नहीं रुकी। लगातार पिटाई से अर्जुन की मौत हो गयी। तब इन पुलिसवालों ने उनकी आंखें फोड़ दीं और लाश को अंबादाह के पास फेंक दिया और उसमें आग लगा दी।
गुरुवार को लोगों की नजर अधजली लाश पर पड़ी, तो इलाके में सनसनी फैल गयी। लाश की पहचान अर्जुन साव के रूप में हुई, तो वहां भीड़ उमड़ पड़ी। परिजनों का रोना-पीटना शुरू हो गया। आक्रोशित लोगों ने शव को सड़क पर रख कर जाम लगा दिया। डोमचांच पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी होने लगी। सड़क पर टायर जला कर विरोध प्रदर्शन होने लगा। स्थिति बेकाबू होते देख कर वहां अतिरिक्त पुलिस बल भी भेजा गया। शुरुआत में तो लोगों को समझाने की कोशिश की गयी, लेकिन लोग किसी भी तरह से समझने के लिए तैयार नहीं थे।
सूचना मिलने पर जिला परिषद अध्यक्ष शालिनी गुप्ता भी घटनास्थल पर पहुंचीं। उन्होंने कहा कि वह इस घटना से व्यक्तिगत रूप से बहुत ही मर्माहत हैं। इस पीड़ित परिवार को वह न्याय अवश्य दिलवायेंगी। उन्होंने घटना स्थल से ही कोडरमा एसपी कुमार गौरव से बात की। इसके बाद एसपी ने चारों पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने आदेश जारी किया। जिप अध्यक्ष ने कहा कि पीड़ित परिवार को नौकरी और मुआवजा दिलाने की कोशिश की जायेगी। एसपी ने बताया कि चारों पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर ली गयी है और कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गयी है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version