रांची। भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने राज्य में शराब के कारोबार को लेकर हेमंत सरकार को कटघरे में खड़ा किया है। कहा कि झारखंड में शराब घोटाले के साथ होलोग्राम में भी घोटाला हो रहा है।
झारखण्ड में शराब घोटाला के साथ हो रहा है होलोग्राम घोटाला!
सात साल से होलोग्राम के सुचारू रूप से सप्लाई कर रहे नासिक स्थित सरकारी प्रेस आपूर्तिकर्ता कंपनी को एकाएक हटाकर 2022 मार्च से वेणु गुप्ता की निजी कंपनी प्रिज्म होलोग्राफी एंड सिक्योरिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड को सप्लाई…
— Babulal Marandi (@yourBabulal) April 3, 2023
ट्वीट कर उन्होंने कहा कि सात साल से शराब की बोतलों में लगनेवाला होलोग्राम सुचारू रूप से नासिक के सरकारी प्रेस आपूर्तिकर्ता कंपनी से लिया जा रहा था, लेकिन मार्च 2022 में एकाएक उस कंपनी को हटा कर वेणु गुप्ता की कंपनी प्रिज्म होलोग्राफी एंड सिक्योरिटी फिल्म्स प्राइवेट लिमिटेड को सप्लाई का ठेका दे दिया गया। आखिर ऐसा क्यों किया गया। बाबूलाल ने कहा कि यह आरोप लग रहा है कि शराब आपूर्तिकर्ताओं से ज्यादा पैसा लेकर बड़े पैमाने पर अतिरिक्त होलोग्राम मुहैया करा कर झारखंड में भी करोड़ों का वारा-न्यारा हुआ है। वेणु गुप्ता की कंपनी पर छत्तीसगढ़ शराब घोटाले को लेकर अभी इडी की छापेमारी और जांच चल रही है। उन्होंने कहा कि गुप्ता जी की धमाचौकड़ी झारखंड के उत्पाद विभाग में भी अक्सर देखी जाती रही है। वेणु गुप्ता से पूछताछ में झारखंड में उनकी पहुंच, रिश्ते, मददगारों और इसके बल पर हुई हेराफेरी की जांच भी इडी को करनी चाहिए।