आजाद सिपााही संवाददाता
रांची। हेमंत सरकार के खिलाफ सचिवालय घेराव ‘हेमंत हटाओ, झारखंड बचाओ’ अभियान के तहत मंगलवार को झारखंड बीजेपी के कार्यकर्ता राज्यभर से रांची पहुंचे। जहां उन्होंने सरकार के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। पार्टी के कई दिग्गज नेताओं के साथ हजारों की संख्या में कार्यकतार्ओं का महाजुटान राजधानी के प्रभात तारा मैदान में हुआ। इस बीच पार्टी के कई दिग्गज नेताओं ने कार्यकातार्ओं को संबोधित किया।

हिरासत में लिए गए बीजेपी के कई नेता
वहीं सचिवालय घेराव आंदोलन के बीच उग्र प्रदर्शन करने और बैरिकेडिंग तोड़कर आगे आने वाले बीजेपी के कई नेताओं को जिला पुलिस ने हिरासत में लिया। उन नेताओं में रांची सांसद संजय सेठ, चतरा सांसद सुनील सिंह, बोकारो विधायक बिरंची नारायण, गोड्डा विधायक अमित मंडल, राज्यसभा सांसद समीर उरांव समेत कई अन्य नेता शामिल है। वहीं बीजेपी नेताओं के महाजुटान को देखते हुए जिला पुलिस और प्रशासन ने पहसे से ही पूरी तैयारी कर ली थी। प्रशासन की तरफ से धुर्वा गोल चक्कर के पास बड़ी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किया गया। साथ ही सचिवालय घेराव कार्यक्रम को लेकर भारी संख्या में बैरिकेडिंग के पास सुरक्षाकर्मी मौजूद रहे। इसके अलावे जिला डीसी राहुल कुमार सिन्हा और रांची एसएसपी समेत कई अधिकारी भी मौके पर उपस्थित रहे।

लोकसभा और विधानसभा चुनाव के लिए चुनाव आयोग पर होगा दबाव : निशिकांत
गोड्डा से बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने अपने संबोधन में कहा लोकसभा और विधानसभा का चुनाव अलग-अलग होता है। हमारे लोकसभा चुनाव के बाद केवल 6 महीने का वक्त मिलता है तो हम चुनाव आयोग पर दबाव बनाएंगे कि लोकसभा और विधानसभा का चुनाव एक साथ हो। वहीं पूर्व सीएम रघुवर दास ने कहा कि आज से हेमंत सरकार की उलटी गिनती शुरू हो रही है। राज्य में अराजक की स्थिति बनी हुई है। यहां कई अच्छे आइएएस और आइपीएस अधिकारी केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर चले गए। उन्होंने कहा कि झारखंड की कमीशनखोर सरकार को यहां से हटाना ही हमारा लक्ष्य है। कार्यक्रम में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार भ्रष्टाचारी और बेरोजगार युवाओं को ठगने वाली सरकार है। महिलाओं पर अत्याचार करने वाली इस सरकार को उखाड़ फेंकना है।

देश की सबसे बड़ी पार्टी 5000 भीड़ नहीं जुटा पाई : जेएमएम
राज्य के अन्य जिलों से रांची पहुंचे बीजेपी कार्यकर्ता और दिग्गज नेताओं के सचिवालय घेराव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय प्रवक्ता मनोज पांडे ने कहा कि बीजेपी का यह शो पूरी तरीके से फ्लॉप साबित हुआ है। उन्होंने कहा कि देश की सबसे बड़ी पार्टी 5000 भी भीड़ नहीं जुटा पाई। बाबूलाल मरांडी, दीपक प्रकाश के जनाधार का सच आज दिख गया।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version