-सूरज ने तरेड़ी आंखें, पारा @ 44
-झुलसायेगी गर्मी, झारखंड का हाल बेहाल
रांची। भगवान सूरज ने आंखें तरेड़नी शुरू कर दी है। इसी के साथ झारखंड में गर्मी झुलसाने लगी है। लोगों का हाल-बेहाल है। दोपहर में लोग घरों से निकलने में परहेज करने लगे हैं। चटख धूप से पारा चढ़ता जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गयी है। साथ ही आने वाले दिनों का पूर्वानुमान भी जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आने वाले 30 अप्रैल तक राज्य का मौसम साफ रहेगा। इस दौरान लगातार लोगों को तेज गर्मी और धूप का एहसास होगा। वहीं, 28 अप्रैल तक राज्य के अधिकांश हिस्से में हीट वेव का असर देखा जायेगा। इसमें मुख्य रूप से कोल्हान और संथाल प्रमंडल के हिस्सों में हीट वेव का असर देखा जायेगा।
इसमें पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला खरसावां, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में 25 से 28 अप्रैल तक हीट वेव का असर देखने को मिलेगा। वहीं 28 अप्रैल को निकटवर्ती मध्य हिस्से जिसमें रांची, रामगढ़, हजारीबाग, बोकारो, गुमला और खूंटी में भी कहीं कहीं हीट वेव की स्थिति बनी रहेगी। इसे लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।
मौसम विज्ञान केंद्र की मानें तो आने वाले पांच दिनों के दौरान राज्य के तापमान में चार डिग्री तक की वृद्धि दर्ज की जायेगी। ऐसे में राज्य का औसतन अधिकतम तापमान 43 डिग्री तक रहने की संभावना है। वहीं आने वाले पांच दिनों के दौरान औसतन न्यूनतम तापमान 27 डिग्री तक रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटे की बात करें तो सबसे अधिक तापमान गोड्डा का 44 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं
बहरागोड़ा, सरायकेला खरसावां, पाकुड़ का तापमान 43 डिग्री। देवघर, गढवा, जामताड़ा, पलामू, साहिबगंज का तापमान 41.5 डिग्री दर्ज किया गया। सिमडेगा और पश्चिमी सिहभूम का तापमान 40 डिग्री रिकार्ड किया गया। बोकारो, गिरिडीह, खूंटी, रामगढ़ का तापमान 39.5 डिग्री तक रहा।