रांची। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा आयोजित परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं ने राज्य की सियासत गरमा दी है। नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने झारखंड पात्रता परीक्षा (JET) में हुई गंभीर खामियों को लेकर प्रदेश सरकार और आयोग पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मांग की है कि परीक्षाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वाले JPSC चेयरमैन को तत्काल उनके पद से बर्खास्त किया जाए।
परीक्षा केंद्रों पर अव्यवस्था और सवालों पर सवाल मरांडी ने राज्य की बदहाल परीक्षा प्रणाली पर चिंता जताते हुए कहा कि बोकारो और रांची के केंद्रों पर प्रश्नपत्रों का न पहुंच पाना और परीक्षा रद्द होना बेहद शर्मनाक है। उन्होंने आयोग की कार्यप्रणाली पर तंज कसते हुए कहा कि अंग्रेजी के पेपर में एक ही प्रश्न का दो बार पूछा जाना और विकल्पों का गायब होना यह दर्शाता है कि जेपीएससी इन परीक्षाओं को लेकर जरा भी गंभीर नहीं है।
‘लूट का अड्डा बन गया है जेपीएससी’ बाबूलाल मरांडी ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जेपीएससी अब केवल आउटसोर्सिंग और कमीशनखोरी का अड्डा बनकर रह गया है। उन्होंने दावा किया कि नौकरी की बोलियां पहले ही लग जाती हैं और अभ्यर्थियों के सपनों को बेचा जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से दोषियों पर कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि जब तक ‘नकारा’ अधिकारियों को नहीं हटाया जाएगा, तब तक छात्रों का भविष्य सुरक्षित नहीं होगा।



