पश्चिमी सिंहभूम। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कोल्हान क्षेत्र में जहां आयरन ओर की खदानें बंद पड़ी हुई हैं, वह आज खुल गयी होती, अगर ऑक्शन कराया गया होता। लेकिन झारखंड मुक्ति मोर्चा की सरकार को ऑक्शन नहीं कराना था। क्योंकि वह रोजगार विरोधी है। उन्हें बस लूटना आता है। लूटते-लूटते आज हेमंत सोरेन जेल पहुंच गये हैं। कल्पना सोरेन को इडी की 191 पेज की चार्जशीट को पढ़ना चाहिए। बाबूलाल ने कहा कि भाजपा ने झारखंड बनाया।

कांग्रेस ने कभी भी झारखंड का भला नहीं चाहा। वह तो चाहती ही नहीं थी कि झारखंड राज्य बने। वह तो अटल बिहारी वाजपेयी की देन है, जिन्होंने झारखंड राज्य हमें दिया। कांग्रेस ने अपने शासन काल में गांव की तरफ झांका भी नहीं। उनके राज में गांव में न सड़क थी न ही बिजली। कोई साधन नहीं था। शादी-विवाह में पैदल ही जाना पड़ता था। भाजपा राज में गांव में अच्छी सड़कें हैं, बिजली है। आज शादी में गांव में डीजे भी बज रहा है। आज सभी चोर परेशान हैं कि मोदी जी कैसे पीएम नहीं बने, लेकिन मोदी जी ने ठाना है कि सभी भ्रष्टाचारी जेल की सलाखों के पीछे होंगे।

हेमंत सोरेन जब मुख्यमंत्री थे, तो नदी-नाला से बालू तक नहीं छोड़ा। दिल्ली-मुंबई से दलाल को बुलाते हैं और बालू को लुटाते हैं। दारू में घोटाला हो रहा है। लोहा लूटा, कोयला लूटा, पत्थर लूटा। हेमंत सोरेन ने झारखंड को दलालों के हाथों सौंप दिया था। कौन सा मुख्यमंत्री है, जो अपने और पत्नी के नाम से खदान ली। इसीलिए हेमंत सोरेन जेल में हैं। इंडी गठबंधन कहता है कि भाजपा की सरकार बनेगी तो जमीन लूट लेगी। इतने साल झारखंड में भाजपा की सरकार रही, कोई बता दे कि कहां जमीन लूटी गयी है। लूटा तो हेमंत सोरेन ने है, कांग्रेस के लोगों ने लूटा है। हेमंत सोरेन की कहां जमीन नहीं है।

इनकी रही मौजूदगी
भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी, राज्यसभा सांसद प्रदीप वर्मा, जिलाध्यक्ष संजय पांडेय, सुबोध सिंह गुड्डू, आरती कुजूर, जेबी तुबिद, बड़कुंवर गहराई, शशिभूषण समद सहित कई अन्य मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version