कांग्रेस के अन्याय से झारखंड भी अछूता नहीं

रांची। कांग्रेस ने देश के साथ अन्याय किया है। उसने झारखंड वासियों के साथ-साथ पूरे देश के साथ अन्याय किया है। उक्त बातें भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सोमवार को प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहीं। श्री मरांडी ने कहा कि कांग्रेस को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय गांव तक सुविधाएं नहीं पहुंची थीं। गांव में सड़कें नहीं थीं, बिजली नहीं थी और चिकित्सा व्यवस्था का हाल बुरा था। कांग्रेस ने कभी गांव की चिंता नहीं की। कांग्रेसी गांव की बात रोज करते जरूर थे, पर उन्होंने गांव के लिए कोई काम नहीं किया। श्री मरांडी ने कहा कि कांग्रेस को क्षमा मांग कर न्याय पत्र निकालना चाहिए। आज गांव में सड़क है, बिजली है, चिकित्सा की सुविधा है।

एक समय कांग्रेस ने पूरे देश में संकट पैदा कर रखा था। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में आज केरोसिन की कोई चर्चा नहीं करता। कुछ लोगों का शौक है लालटेन पकड़ने की, लेकिन अब इसकी कोई जरूरत नहीं है। मरांडी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में शहरों में भी गैस सिलेंडर नहीं मिलता था। आज हर गरीब के घर गैस चूल्हा है। भाजपा के शासनकाल में बैंकों को गरीबों की चौखट तक पहुंचाया, लोगों का खाता खुलवाया। ग्रामीणों को सारी सुविधाएं उनके खातों में पहुंच रही हैं । उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन से पहले देश में उग्रवाद और आतंकवाद की घटनाएं होती थीं, पर आज प्रधानमंत्री मोदी आतंकवादियों की आंखों में आंख डाल कर बात करते हैं। भारत आज आतंकवादियों को उनके घर में घुस कर मारता है। कांग्रेस के राज में दंगा चरम पर था, पर आज चारों ओर शांति है, देश में अमन चैन और शांति है। देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है। श्री मरांडी ने कहा कि दुनिया निर्बल को नहीं पूछती है। देश आज आर्थिक रूप से आगे बढ़ता जा रहा है। भारत आज विश्व की पांचवीं आर्थिक महाशक्ति बन गया है। मोबाइल बनाने में भारत आज दूसरे स्थान पर पहुंच गया है। पहले हमें दूसरे देशों से मोबाइल मंगवाने पड़ते थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित भारत बनाने का है और इस दिशा में तेजी से कार्य हो रहे हैं।

श्री मरांडी ने कहा कि इंडी अलायंस वाले सनातन को गाली देते हैं और कांग्रेस चुप रहती है, एक शब्द नहीं कहती। मौन रहना भी कार्य को स्वीकृति प्रदान करना ही माना जाता है। सनातन पर सभी कुछ बोल देते हैं, पर दूसरे मजहब पर कोई कुछ बोल कर दिखाये। समझ लीजिए, तब क्या हो जायेगा। श्री मरांडी ने कहा कि राहुल जी मुहब्बत की दुकान की बात करते हैं। अदालत का कोई फैसला अपने पक्ष में होने पर कांग्रेस के नेता वाह-वाह करते हैं, पर कभी फैसला खिलाफ जाने पर ये गाली देते हैं। नफरत की दुकान चलाने वाली कांग्रेस पार्टी न्याय नहीं अन्याय कर रही है। देखा जाये तो कांग्रेस पार्टी वर्षों से देशवासियों के साथ अन्याय ही करती आ रही है। 70 वर्षों में इन्होंने सिर्फ नारा दिया है काम कुछ नहीं किया, जबकि नरेंद्र मोदी की गारंटी ही गारंटी है और पूरी दुनिया इस बात को जानती है। उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी मतलब गारंटी पूरा होने की गारंटी, जबकि कांग्रेस की गारंटी मतलब भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण, आतंकवाद, टुकड़े टुकड़े गैंग का समर्थन, सनातन को गाली, राम के अस्तित्व को नकारना।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version