सुप्रियो ने कहा, पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर इन्हें जेल भेजे
रांची। जेएमएम के केंद्रीय महासचिव ने बयान जारी कर बीजेपी के प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी के बयान पर कड़ी आपत्ति जताते हुए विरोध किया है। पिछले शनिवार को जमशेदपुर दौरे के क्रम में यहां बातचीत के दौरान उनकी जुबान फिसल गयी थी। इस पर जेएमएम के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि बीजेपी की नजर में मां बहन बेटी की क्या सोच है, यह किसी से छुपा नहीं है। सरायकेला में बीजेपी प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने जो कहा, वह महिलाओं को अपमानित करने जैसा है। लक्ष्मीकांत वाजपेयी आपकी सोच क्या है। क्या सोच लेकर झारखंड आये हैं। क्या यही सोच पीएम की भी है। क्योंकि वह उत्तरप्रदेश से सांसद हैं। कुछ दिन पूर्व हमने इसी भाषा का विरोध जताया था। उत्तरप्रदेश से आकर इस तरह की भाषा का प्रयोग करेंगे। पुलिस इस पर तत्काल संज्ञान ले और जेल भेजे।

बीजेपी इंडी गठबंधन के न्याय पत्र से घबरा गयी है: जेएमएम
बीजेपी इंडी गठबंधन के न्याय पत्र से घबरा गयी है। 10 साल में प्रधानमंत्री ने क्या किया, अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करे। इस तरह की सोच रखेंगे तो आप के साथ भी ऐसा ही व्यवहार होगा। प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल बताये कि इस तरह के बयान पर क्या कर रहे हैं। 21 अप्रैल की महारैली से बीजेपी घबरा गयी है। न्याय पत्र से पीएम की घबराहट साफ दिखाई दे रही है। बाबूलाल जी बोल रहे हैं कि सनातन धर्म वाले लोग आयेंगे। बोलिए न सरना धर्म वाले लोग आयेंगे।

बाबूलाल का क्या हाल बीजेपी करेगी हमें पता है: सुप्रियो
बीजेपी बाबूलाल का ऐसा हाल करेगी, वह हम जानते हैं। बीजेपी राज्य में जेवीएम बन गयी है। यह राज्य मुद्दों पर चुनाव लड़ रहा है। हेमंत सोरेन के खिलाफ हुए अन्याय के खिलाफ चुनाव के लिए लड़ा जा रहा है। जेएमएम राज्य के युवाओं बेरोजगारों के मुद्दे पर वोट मांग रहे हैं। महिला पहलवानों पर हुए अत्याचार से पता चलता है कि बीजेपी की क्या सोच है। हेमंत सोरेन की पत्नी जब चुनावी मैदान में आयी तो सभी के पेट में दर्द होने लगा। निशिकांत दुबे एक्स पर पोस्ट करने लगे। झारखंड झुकेगा नहीं, लक्ष्मीकांत वाजपेयी को समय पर जवाब दिया जायेगा।

क्या बोल गये थे बीजेपी प्रदेश प्रभारी
प्रेस कांफ्रेंस में अपना संक्षिप्त परिचय देते-देते लक्ष्मीकांत बाजपेयी ने अचानक कह दिया कि उनकी मां-बहन करके आ जाता था। उन्होंने कहा कि मैंने स्कूटर से काम किया है। जब उत्तरप्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब भाजपा कार्यकर्ताओं से अफसर ज्यादती किया करते थे। स्कूटर से जितनी देर वहां पहुंचने में लगती थी, बस वही समय लगता था। उनकी मां बहन करके आ जाता था। फिर अपने कार्यकर्ताओं को बेदाग साबित करने में कोई कसर नहीं छोड़ता था। उन्होंने कहा कि मां के पेट से जन्म लिया हूं। जब नंबर आयेगा, तब देखा जायेगा। मरना-जीना सब पहले से तय है।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version