-आजाद सिपाही संवाददाता
खूंटी। मंगलवार को खूंटी लोकसभा चुनाव के रंग में पूरी तरह रंग गया। चप्पा- चप्पा भाजपा और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से भर गया। सड़क पर पार्टी समर्थकों के झंडों से खूंटी लोकसभा का माहौल भी गरमाया हुआ था। लगा कि अब प्रत्याशी चुनावी मैदान में विधिवत रूप से कूद पड़े हैं। खूंटी की सड़कें जाम हो गयी और जनता परेशान भी हो गयी। लेकिन किसी ने सही कहा है कि चुनाव भी एक पर्व के समान होता है तो लोग भी उत्सुक थे कि कौन-कौन नेता उनके क्षेत्र में आया हुआ है। बड़ी-बड़ी गाड़ियों का काफिला और समर्थकों के नारेबाजी बयान कर रही थी कि उनके नेता आ चुके हैं। मंगलवार को खूंटी लोकसभा के जो दो प्रमुख प्रत्याशी हैं उन्होंने नामांकन दर्ज किया। एक तरफ भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा ने नामांकन दर्ज किया तो वहीं कांग्रेस प्रत्याशी कलीचरण मुंडा ने भी अपना नामांकन दर्ज किया। भाजपा के उम्मीदवार अर्जुन मुंडा के नामांकन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी, कड़िया मुंडा, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो मौजूद रहे। वहीं कालीचरण मुंडा के नामांकन में भूषण बाड़ा, विकास मुंडा शामिल रहे।

उम्मीदवारों ने रोड शो कर शक्ति प्रदर्शन किया
भाजपा के रोड शो में अर्जुन मुंडा, बाबूलाल मरांडी, सुदेश महतो, कड़िया मुंडा सहित कई बड़े नेता और हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे, वहीं कलीचरण मुंडा के रोड शो में मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, आलमगीर आलम, गुलाम मीर अहमद, राजेश ठाकुर, बंधु तिर्की, सुबोधकांत सहाय, शशि भूषण राय संग हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। दोनों दलों के कार्यकर्ता बेहद उत्साहित थे। झूम रहे थे और नारेबाजी कर रहे थे। नामांकन से पूर्व भाजपा खूंटी लोकसभा के प्रत्याशी अर्जुन मुंडा ने सपत्नीक कर्रा के सोनमेर मंदिर तथा अमरेश्वर धाम में पूजा अर्चना की।

गर्मी चरम पर लेकिन चुनावी सरगर्मी का पारा उससे भी प्रबल। बस एक ही लक्ष्य अपने प्रत्याशी के लिए समर्पण। एक तरफ भाजपा आजासू के कार्यकर्ता दूसरी तरफ कांग्रेस और झमूमो के कार्यकर्ता। खूंटी के छोटे-छोटे होटलों का कारोबार भी बढ़ गया था। कार्यकर्ताओं की भीड़ इतनी कि खूंटी के होटलों में समोसा की बिक्री बढ़ गयी। ठेले पर लस्सी और सत्तू पीने के लिए कार्यकर्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी। चौक चौराहे पर जाम इतना कि प्रशासन की सांसे फूल गयीं। दोनों दलों के कार्यकर्ताओं में जोश की कोई कमी नहीं। दोनों दलों के रोड शो में भारी भीड़। कोई किसी से कम नहीं। मुकाबला है टाइट। खूंटी की जनता में रोमांच बढ़ा।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version