लोहरदगा-बिशुनपुर में भाजपा का बूथस्तरीय कार्यक्रम
लोहा, बालू, कोयला, अवैध जमीन घोटाले के आरोप में जेल में हैं हेमंत सोरेन
लोहरदगा/बिशुनपुर। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि हमने हर मुद्दे, घपले-घोटाले पर जो पत्र हेमंत सोरेन को बार-बार लिखा, अगर वह इस पर संज्ञान लेकर कार्रवाई किये होते तो आज इस हाल में नहीं होते। जेल जाने के लिए वह खुद जिम्मेवार हैं। अवैध खनन, जमीन लूट को लेकर भी बार-बार पत्र लिखा। इस पर संज्ञान लेना तो दूर, एकनॉलेज भी नहीं करते थे। शायद इसलिए कि यह पत्र दस्तावेज या रिकॉर्ड नहीं बन जाये। हेमंत सोरेन के खिलाफ एक-दो मामले नहीं हैं। दिल्ली हाइकोर्ट में जो संपत्ति का ब्योरा दिया है, उसमें पांच जमीन की डीड की बात कही गयी है। आखिर एक आदमी इतने कम समय में इतनी संपत्ति कैसे और कहां से अर्जित कर सकता है। आखिर रोजगार क्या था। आदिवासियों की जमीन औने-पौने दामों पर नाम बदल कर लिखवा ली। झारखंड का कोई ऐसा जिला नहीं है, जहां हेमंत सोरेन की संपत्ति नहीं है। इससे मन नहीं भरा, तो माइंस ले लिया। देश के पहले सीएम हेमंत सोरेन रहें, जिन्होंने मुख्यमंत्री रहते पत्थर माइंस लिया। पत्नी को भी दिलवा दिया। वह भी तब जब मुख्यमंत्री के साथ उनके पास खान विभाग की भी जिम्मेवारी थी। लोहरदगा और बिशुनपुर में भाजपा के बूथस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन में बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन पर प्रहार किया।
बाबूलाल मरांडी ने कहा कि झारखंड का सबकुछ बेच दिया। बालू बेचा। लोहा बेचा, कोयला बेचा। यहां तक कि युवाओं की नौकरी तक बेच दी। जेपीएससी और जेएसएससी का प्रश्नपत्र लीक हो गया। हद तो तब हो गयी, जब छात्रों का एडमिट कार्ड उनके मित्र विनोद सिंह के घर से छापामारी के दौरान मिला। इडी ने 191 पेज की चार्जशीट दाखिल की है। इसे पढ़ने के बाद कोई भी कह सकता है कि यह क्या हो रहा था। ऐसे लोगों की जगह तो जेल ही हो सकती है। कहा कि यह झूठा प्रचार किया जा रहा है कि भाजपा आयेगी, तो आदिवासियों की जमीन लूट लेगी। आदिवासी जमीन तो इनलोगों ने लूटी है। उनको यह बताना चाहिए कि सीएम रहते हुए बाबूलाल मरांडी, अर्जुन मुंडा, रघुवर दास ने किसकी जमीन लूटी है।

बाबूलाल मरांडी ने भाजपा के संकल्प पत्र पर कहा कि जिस तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों की चिंता कर रहे हैं। इसी कारण इन लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। तीन करोड़ गरीबों को आवास प्रधानमंत्री मोदी ने दिया। 70 साल के बुजुर्ग को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज की बात कही है। राशन दिया। शौचालय दिया। महिलाओं को गैस चूल्हा और सिलेंडर दिया। आखिर गरीबों को और क्या चाहिए। 2047 तक विकसित भारत का संकल्प हर हाल में पूरा होगा। ऐसा होने पर सबको रोटी, कपड़ा और मकान की व्यवस्था हो जायेगी।
प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार पीएम बनेंगे मोदी

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि कांग्रेस ने इतने साल शासन किया, लेकिन कुछ नहीं किया। इसी कारण कांग्रेस के लोगों को परेशानी हो रही है। कांग्रेस वाले कहते हैं कि भाजपा आयेगी, तो लोग विस्थापित होंगे। एचइसी, सीसीएल, बीसीसीएल, बोकारो स्टील सिटी, सिंदरी खाद कारखाना जैसी कई परियोजनाएं कांग्रेस के शासन में आयीं। इससे बड़े पैमाने पर लोग विस्थापित भी हुए। आज वे लोग कहां हैं, किसी को नहीं पता है। ये लोग भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आरोप लगा रहा है। इनको घपला-घोटाला ही आता है। इसलिए विरोध कर रहे हैं। जनता सब देख रही है। नरेंद्र मोदी प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
14 लोस सीट पर भाजपा का परचम

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जेल और बेल में रहने वाले व्यक्ति झारखंड में भाजपा के संकल्प को रोकने की निरर्थक कोशिश कर रहे हैं। बावजूद इसके राज्य की सभी 14 लोकसभा सीटों में भाजपा की जीत सुनिश्चित है। भाजपा का एकमात्र लक्ष्य विकसित राष्ट्र का निर्माण करना है। पूर्व में राष्ट्र विज्ञान और टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में वस्तुओं का आयात करता था, पर अब इस क्षेत्र में भारत निर्यातक बन गया है। मोदी सरकार में अब हर घर बिजली पहुंचा दी। कहा कि पीएम मोदी को रोकने के लिए विदेशी शक्तियों द्वारा लगातार कोशिश की जा रही है। ऐसे में राष्ट्रवादी सोच वाले व्यक्तियों का दायित्व बढ़ जाता है। ऐसी स्थिति में लोहरदगा सीट से भाजपा प्रत्याशी समीर उरांव को जीत दिलाकर भाजपा के संकल्प को आगे बढ़ाने की जरूरत है।

इनकी रही मौजूदगी
लोहरदगा के भाजपा प्रत्याशी समीर उरांव, सांसद सुदर्शन भगत, पूर्व विधायक शिवशंकर उरांव, प्रदेश भाजपा के महामंत्री सह लोकसभा प्रभारी मनोज सिंह, पूर्व विधायक कमलेश उरांव, सधनु भगत, रमेश उरांव, श्री चंद प्रजापति, सुनीता सिंह, एडवर्ड सोरेन, ओमप्रकाश सिंह, बिंदेश्वर उरांव, ब्रजबिहारी प्रसाद समेत अन्य मौजूद थे। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता जोश और उत्साह से लबरेज दिखे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version