-5 लाख लोगों को प्रभात तारा मैदान में जुटाने का दावा

-झारखंड में इसे चुनाव का शंखनाद कहा जायेगा: सुप्रियो

-रैली न केवल झारखंड बल्कि देश की दशा और दिशा तय करेगी: राकेश सिन्हा

रांची। 21 अप्रैल को आयोजित उलगुलान रैली को लेकर गुरुवार को कांग्रेस भवन, रांची में इंडी गठबंधन की बैठक कर रैली को सफल बनाने की रणनीति तैयार की गयी। बैठक के बाद मीडिया से प्रदेश महासचिव सह मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने कहा कि यह रैली ऐतिहासिक होगी। अन्याय के खिलाफ यह शंखनाद होगा। उन्होंने कहा कि यह रैली न केवल झारखंड बल्कि देश की दशा और दिशा तय करेगी। झारखंड संघर्षों की भूमि रही है। इस धरती से जो आवाज उठेगी वह केंद्र की सत्ता पलटने में कारगर साबित होगी। झामुमो के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि राजधानी रांची में 21 अप्रैल को प्रभात तारा मैदान में जेएमएम की न्याय उलगुलान महारैली होने वाली है। इसके लिए इंडी गठबंधन के नेताओं को भी न्योता दिया गया है। जिसमें राजद सुप्रीमो लालू यादव, तेजस्वी यादव, कांग्रेस के मल्लिकार्जुन खड़ग एवं राहुल गांधी भी इस महारैली में जुटेंगे। इसके अलावा आप नेता संजय सिंह, अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने आने की सहमति दी है। उद्धव ठाकरे की ओर से प्रियंका चतुवेर्दी भी इस महारैली में शामिल होगी। जबकि नेशनल कांफ्रेंस से फारूक अब्दुल्ला एवं माले के दीपंकर भट्टाचार्य भी इसमें शामिल होंगे। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि यह न्याय उलगुलान महारैली भी ऐतिहासिक होगी। हम सहयोगी दल न्याय के लिए मिलकर जुटेंगे। राज्य में वरीय नेताओं से बातचीत के आधार पर अंदाजा लगाया जा रहा है कि अकेले जेएमएम के 3 लाख से ज्यादा कार्यकर्ता जुटेंगे। वहीं अन्य दलों के भी 2 लाख कार्यकर्ता जुटेंगे। कुल 5 लाख लोग प्रभात तारा मैदान में आएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि यह रैली झारखंड में ठीक चुनाव से पहले हो रही है। इसलिए झारखंड में इसे चुनाव का शंखनाद कहा जायेगा। राजद के महासचिव कैलाश यादव ने कहा कि जहां पर उलगुलान महारैली होगी वह इलाका भी एचईसी में आता है। एचईसी के कर्मियों को 22 महीने से वेतन नहीं मिला है। दस साल से बीजेपी के सांसद रहे। उनकी जवाबदेही तय होगी। इस मौके पर कांग्रेस के मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी, झामुमो के मनोज पांडेय, भाकपा माले से नदीम खान, आप से रोहित श्रीवास्तव प्रमुख रूप से उपस्थित थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version