-लोकसभा चुनाव 2024: अर्जुन मुंडा के नॉमिनेशन में राजनाथ सिंह, तो समीर उरांव के लिए आयेंगे गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल
रांची। राज्य में चार चरणों में लोकसभा चुनाव होने हैं। इसके लिए 22 अप्रैल से भाजपा प्रत्याशियों ने नामांकन भी शुरू कर दिया है। सिंहभूम से वर्तमान सांसद गीता कोड़ा ने 22 अप्रैल को इसी सीट के लिए नामांकन दाखिल किया। इस दौरान उनके साथ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भी दिखे। इसके अलावा अब 23 अप्रैल को खूंटी सीट से अर्जुन मुंडा नामांकन करेंगे। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह भी रहेंगे। 24 अप्रैल को पलामू और लोहरदगा से क्रमश: वीडी राम और समीर उरांव नामांकन करेंगे। वीडी राम के साथ केंद्रीय मंत्री वीके सिंह, जबकि समीर के साथ गुजरात के सीएम भूपेंद्र भाई पटेल भी रहेंगे। पटेल रांची आकर यहां से लोहरदगा जायेंगे। हालांकि पटेल 24 अप्रैल को कब तक आयेंगे, इसकी अधिकृत सूचना अब तक प्रदेश भाजपा को नहीं आयी है।
इस चरण में यहां होंगे चुनाव
गौरतलब है कि झारखंड में 13 मई से 1 जून तक चार फेज में चुनाव होने हैं। पहले फेज में सिंहभूम, खूंटी, लोहरदगा,और पलामू सीट के लिए चुनाव होने हैं। इसमें पलामू सीट एससी के लिए, जबकि बाकी तीन सीट एसटी के लिए आरक्षित है। दूसरे फेज में चतरा, कोडरमा और हजारीबाग सीट के लिए वोटिंग होगी। तीसरे में गिरिडीह, धनबाद, रांची और जमशेदपुर में 25 मई को मतदान होगा। चौथे फेज में राजमहल (एसटी), दुमका (एसटी) और गोड्डा सीट के लिए 1 जून को मतदान होगा। इसे देखते हुए फेजवाइज चुनाव के आधार पर ही भाजपाई कैंडिडेट के नामांकन के लिए चर्चित और बड़े नेताओं को झारखंड में आमंत्रित किया जा रहा है।