रांची। रांची लोकसभा सीट से टिकट नहीं मिलने से नाराज चल रहे पूर्व सांसद रामटहल चौधरी ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी का दामन छोड़ दिया। उन्होंने प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत में रांची लोकसभा सीट से टिकट नहीं दिये जाने पर नाराजगी जतायी। साथ ही कहा कि वह झंडा लेकर समर्थन करने नहीं आये थे। इसलिए पार्टी छोड़ने का निर्णय किया है।
रामटहल चौधरी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी में शामिल कराने के लिए सभी प्रक्रिया पूरी की गयी थी। कांग्रेस की ओर से बायोडाटा मांगा गया। इसके बाद झारखंड के प्रभारी गुलाम अहमद मीर ने उन्हें कांग्रेस में शामिल कराया। गुलाम अहमद मीर ने कहा था कि राहुल गांधी का कहना है कि जिसकी जितनी भागीदारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी। आप सभी मामलों में फिट बैठते हैं। आपको रांची लोकसभा सीट से टिकट दिया जायेगा। इसके बाद उम्मीदवार की घोषणा के लिए भी लंबा समय लिया। जब टिकट की घोषणा हुई, तो वह सबके सामने है। कहा कि पिछले पांच सालों में भाजपा का दरवाजा नहीं खटखटाया है। उन्होंने फिलहाल निर्दलीय या किसी अन्य पार्टी से चुनाव लड़ने से इनकार किया। साथ ही कहा कि करीबियों से विचार-विमर्श के बाद आगे की रणनीति तय करेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने उन्हें आॅफर दिया था। उस समय नीतीश कुमार भी आइएनडीआइए में थे। रांची से सीट देने की भी बात कही थी। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भाजपा से जीता था, तो पार्टी को केवल दिया। उससे कुछ लिया नहीं। बता दें कि पूर्व सांसद रामटहल चौधरी 28 मार्च को कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए थे।