पलामू। जिला मुख्यालय मेदिनीनगर से सटे चैनपुर जलापूर्ति के शाहपुर इंटकवेल की मोटर में खराबी आ जाने के कारण लगभग 21 दिनों से जलापूर्ति बन्द थी। नगर आयुक्त ने कनीय अभियंता अवध साह और पाइपलाइन निरीक्षक छोटे लाल गुप्ता को युद्ध स्तर पर कार्य करते हुए जल्द जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया था। लगातार मरम्मत कार्य करते हुए सोमवार को एक वीटी मोटर से जलापूर्ति किसी तरह शुरू करायी गयी। बेलवाटिका पंपूकल जलापूर्ति से दूसरी वीटी मोटर लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

बताते चले कि मोटर जल जाने के बाद मोटर रिवाइंडिंग कर लगाया गया। इसी क्रम में पम्प के इम्पेलर में खराबी हो जाने के कारण रांची वर्कशाप में भेजा गया था। बनकर आने के बाद भी तकनीकी गड़बड़ी के चलते पुनः रांची भेजना पड़ा था। 13 अप्रैल की देर रात मोटर रांची से बनकर आयी। नगर निगम कर्मियों के अथक प्रयास से मोटर को फीट कर चालू कर दिया गया है। फिलहाल एक मोटर चालू हो गयी है।

नगर आयुक्त जावेद हुसैन ने गर्मी को देखते हुए दूसरा वीटी मोटर पम्पूकल बेलवाटिका जलापूर्ति से शाहपुर इंटकवेल में फिट कर जलापूर्ति जल्द सुदृढ करने का निर्देश दिया है। पाइपलाइन निरीक्षक छोटे लाल गुप्ता ने सोमवार को बताया कि दूसरी मोटर बेलवाटिका से लायी जा चुकी है। बहुत जल्द फीट कर लिया जाएगा।

मौके पर कनीय अभियंता एवं पाइपलाइन निरीक्षक के आलाव निगम की तकनीकी टीम में संजय कच्छप, सन्तोष कुमार, विभूति रंजन, नमित, अजय सिंह, विवेक कुमार गुडू आदि मौजूद थे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version