जमशेदपुर: अपर मुख्य सचिव सुधीर त्रिपाठी ने कहा है कि काम नहीं करनेवाले पांच प्रतिशत कर्मचारियों को हटाया जायेगा। साथ ही राज्य में डॉक्टर, नर्स और टेक्नीशियनों की कमी को रोस्टर क्लियर कर जल्द दूर किया जायेगा। श्री त्रिपाठी बुधवार को स्वास्थ्य विभाग की कोल्हान प्रमंडलीय समीक्षा के दौरान जमशेदपुर में अधिकारियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिलों में डॉक्टर या स्पेशलिस्ट की कमी है, तो ओपन मार्केट से उन्हें हायर कर सकते हैं, लेकिन ऐसा नहीं हो पाता है। उन्होंने कहा कि ये प्रयास सिविल सर्जन के स्तर से होना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन जल्द ही विशेषज्ञों को नियुक्त करने जा रहा है। अपर मुख्य सचिव ने जिलों से आये सिविल सर्जन और अन्य अफसरों से कहा कि रिपोर्ट वे तैयार करें कि कितनी यूनिट्स हैं जिन्हें फंक्शनल किया जा सकता है।
प्रत्येक छह माह पर समीक्षा, संतोषजनक नहीं होने पर होगी छंटनी : त्रिपाठी ने कहा कि काम नहीं करनेवाले पांच प्रतिशत कर्मचारियों को नौकरी से हटाया जायेगा। उन्होंने कहा कि हर महीने समीक्षा की जायेगी। इस दौरान जिनका काम संतोषजनक नहीं होगा, उनकी छंटनी की जायेगी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के काम को सुधार कर के देश के अन्य राज्यों के मुकाबले ले जाना है। उन्होंने सभी सिविल सर्जन व प्रभारी अधिकारी को निर्देश दिया कि जहां भी कार्यक्रम के रिपोर्टिंग डेटा मे गेप है, उसे आउटसोर्स से पूरा करें।
108 एंबुलेंस सेवा अगले तीन महीने में होगा शुरू
अपर मुख्य सचिव ने कहा कि इस वर्ष राज्य भर मे टेलीमेडिसिन कार्यक्रम की शुरुआत की जानी है। इस काम के लिए वैसे जगह काम किया जायेगा, जहां पर मेडिकल सुविधा नहीं पहुंचती है। उन्होंने कहा कि 108 एंबुलेंस सेवा अगले तीन महीने में शुरू की जायेगी। स्वास्थ्य विभाग जल्द ही स्वास्थ्य बीमा योजना शुरू करने जा रही है, जिसमे लाभुक सरकारी अस्पताल मे इसका लाभ ले सकेंगे।