रांची: झारखंड पुलिस बहाली में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण दिया जायेगा। इससे झारखंड पुलिस में महिला पुलिसकर्मियों का दबदबा बढ़ेगा। इस लिहाज से वर्ष 2018 महिलाओं के लिए महत्वपूर्ण होगा। अभी दारोगा की बहाली होनी है। इसमें से महिला अभ्यर्थियों का चयन किया जायेगा। ट्रेनिंग के बाद महिला दारोगा को थानेदार की जिम्मेदारी सौंपी जायेगी, जिससे राज्य के लगभग 250 से 300 थाने की थानेदार महिलाएं होंगी।
इस बार दारोगा के पद पर होनेवाली बहाली में महिलाओं के लिए नियम में कुछ संशोधन किया गया है। उन्हें पहले लिखित परीक्षा निकालनी है और दौड़ के साथ मेडिकल परीक्षा में क्वालीफाइ करना है। पहले दौड़ में ही कई प्रतियोगिता से बाहर हो जाती थीं। परीक्षा भी एसएससी के जरिये पारदर्शी तरीके से होगी। पिछले दिनों आदिम जनजाति की दो बटालियन दुमका और खूंटी में बहाल की गयी थी। अभी भी इसमें 292 सीटें खाली रह गयी हैं। इन पर फिर से बहाली का प्रस्ताव पुलिस मुख्यालय की ओर से गृह विभाग को भेजा गया है। इसमें भी 33 फीसदी सीट महिलाओं के लिए रिजर्व होगी। डीजीपी डीके पांडे ने कहा कि राज्य सरकार की मंजूरी के बाद झारखंड पुलिस में विभिन्न पदों पर होनेवाली बहाली में महिलाओं के लिए 33 फीसदी सीट आरक्षित की गयी है। इसी के अनुरूप दारोगा और आरक्षियों के अलावा अन्य पदों पर होनेवाली बहाली में महिलाओं को 33 फीसदी सीटें मिलें, इसका पूरा प्रयास किया जायेगा।