रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने अपने 62वें जन्मदिन पर राज्य की महिलाओं को अनमोल तोहफा दिया है। उन्होंने घोषणा की है कि राज्य में अब महिलाओं के नाम जमीन-जायदाद की रजिस्ट्री मुफ्त में होगी। उनसे स्टांप और निबंधन शुल्क नहीं लिया जायेगा। मात्र एक रुपये के टोकन स्टांप पर उनके नाम संपत्ति की रजिस्ट्री हो जायेगी। मुख्यमंत्री की इस घोषणा को महिला सशक्तिकरण की दिशा में अभूतपूर्व और बड़ा कदम बताया जा रहा है। भू-राजस्व मंत्री अमर बाउरी ने कहा कि पूरे देश में इस तरह की व्यवस्था लागू करनेवाला झारखंड पहला प्रदेश है। यह घोषणा मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बुधवार को राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए की। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्य में महिलाओं के सशक्तिकरण एवं उनके आर्थिक हितों की रक्षा के लिए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब राज्य की महिलाओं के नाम खरीदी जानेवाली अचल संपत्ति में स्टांप एवं निबंधन शुल्क नहीं लगेगा, अर्थात वह नि:शुल्क होगा। मात्र एक रुपये के टोकन स्टांप पर निबंधन किया जायेगा।
नक्शों का डिजिटाइजेशन जल्द पूरा करें
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि भू-नक्शों का डिजिटाइजेशन जल्द पूरा करें, ताकि आम जनता को नक्शा से संबंधित कोई परेशानी न हो। बिहार से प्राप्त 86257 नक्शों को भी डिजिटाइज्ड करें। इस संबंध में राजस्व सचिव केके सोन ने कहा कि तीन को छोड़कर सभी अंचलों में डिजिटाइजेशन का काम पूरा हो गया है। वहां आॅनलाइन म्यूटेशन की व्यवस्था लागू है। चार को छोड़ कर सभी अंचलों में राजस्व एवं निबंधन कार्यालयों के बीच इंट्रीगेशन पूरा हो गया है। आॅनलाइन लगान भुगतान की सुविधा उपलब्ध है।
सरकारी योजनाओं में ई पेमेंट से हो भुगतान
सीएम ने कहा कि भू-अर्जन से प्रभावित/विस्थापित परिवारों को पुनर्स्थापित वास स्थल एवं आवंटित भूमि का स्वामित्व/ मालिकाना हक का प्रमाण पत्र प्रपत्र 12 में भी प्रदान किया जाये। सभी सरकारी योजनाओं में ई-पेमेंट के माध्यम से ही भुगतान सुनिश्चित हो। पारदर्शी ढंग से कार्य करने पर ही योजनाएं जल्द पूरी होंगी। बैठक में राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार मंत्री अमर कुमार बाउरी, मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, विकास आयुक्त अमित खरे, कैबिनेट सचिव सुरेंद्र सिंह मीणा एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
पीएम ने सीएम को दी जन्मदिन की बधाई
मुख्यमंत्री रघुवर दास के जन्मदिन पर बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और इजराइल के राजदूत समेत अन्य ने बधाई दी। इसके अलावा प्रदेश की राज्यपाल डॉ द्रौपदी मुर्मू और कई अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी उन्हें फोन कर शुभकामनाएं दीं।
मानकी, मुंडा, प्रधान और डाकुआ की सम्मान राशि के लिए 20 करोड़
रांची। मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि राज्य की परंपरागत मानकी, मुंडा, ग्राम प्रधान एवं डाकुआ के लिए संशोधित मासिक सम्मान राशि के अनुरूप 20 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है। इसकी स्वीकृति देते हुए आवंटन आदेश निर्गत किया जा चुका है। उन्होंने निर्देश दिया कि अगामी वित्तीय वर्ष में सभी मानकी, मुंडा एवं ग्राम प्रधानों को प्रशिक्षण देने एवं टैबलेट उपलब्ध कराने की कार्रवाई शुरू करें। टाना भगत विकास प्राधिकार कार्यकारिणी की बैठक भी अविलंब की जाये।
10 मॉडर्न रिकार्ड रूम तैयार
भू-राजस्व सचिव केके सोन ने बताया कि 38 मॉडर्न रिकार्ड रूम में से 10 का निर्माण हो चुका है। 11 पूर्ण होने की स्थिति में है एवं शेष में कार्य जारी हैं। राजस्व से संबंधित कार्य सुचारू रूप से हो, इसके लिए धनबाद, हजारीबाग, रांची एवं पलामू में नये बंदोबस्त कार्यालय भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। जमशेदपुर में जुलाई तक पूरा हो जायेगा। मुख्यमंत्री ने आइआइटी रूड़की द्वारा किये जानेवाले सेटेलाइट सर्वे का कार्य को पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने इस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कारीडोर, शिवपुर-कठौतिया रेलवे लाइन, टोरी-शिवपुर न्यू बीजी रेलवे लाइन इत्यादि महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए अर्जित एवं हस्तांतरित भूमि की समीक्षा की।