रांची: राष्ट्रीय मूल्यांकन प्रत्यायण परिषद (नैक) ने निरीक्षण के 14 दिन बाद ग्रेडिंग से संबंधित रिपोर्ट जारी कर दी है। इसमें रांची विवि को बी ++ ग्रेडिंग मिला है। इस खबर से स्टूडेंट्स, शिक्षकों, विवि के अधिकारियों में बेहद उत्साह है। वीसी डॉ रमेश कुमार पांडेय ने पीजी के अधिकांश विभागों, बहु उद्देश्यीय परीक्षा भवन और मुख्यालय में जाकर फैकल्टी और कर्मचारियों को बधाई दी है। कहा है कि सभी के सहयोग से यह संभव हो सका है। एक्वेक डायरेक्टर डॉ संजय मिश्रा की देख रेख में नैक निरीक्षण के लिए एसएसआर रिपोर्ट तैयार की गयी थी। परीक्षा विभाग और पीजी विभागों के नैक टीम के समक्ष बेहतर प्रदर्शन से विवि प्रशासन काफी उत्साहित था। नैक टीम में 17 से 19 अप्रैल तक रांची विवि का निरीक्षण किया था। एकेडमिक व फाइनेंशियल स्वतंत्रता बढ़ेगी
आरयू को बी ++ ग्रेड मिलने से एकेडमिक और फाइनेंशियल स्वतंत्रता बढ़ेगी। विकास कार्यों के लिए राष्ट्रीय उच्चतर शिक्षा अभियान (रुसा) के माध्यम से अनुदान राशि मिलने का मार्ग प्रशस्त हो गया है। नियमानुसार भविष्य में उन्हीं उच्च शिक्षण संस्थानों को अनुदान राशि दी जायेगी, जिन्हें नैक से ग्रेडिंग मिला हुआ है। इसलिए नैक से ग्रेडिंग मिलने से इंफ्रास्ट्रक्चर, लैब और लाइब्रेरी को अपडेट करना विवि प्रशासन के लिए आसान होगा।
राज्य में अभी रांची विवि समेत सामान्य पांच विश्वविद्यालय हैं। नैक टीम की रिपोर्ट के आधार पर रांची विवि को 2.80 प्वाइंट मिला है। वहीं विनोबा भावे विश्वविद्यालय हजारीबाग को नैक टीम की निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर 2.77 प्वाइंट मिले हैं। यानी रांची विश्वविद्यालय को विनोबा भावे से तीन प्वाइंट अधिक मिले हैं।
यूनिवर्सिटी में जल्द हो एसोसिएट प्रोफेसरों की नियुक्ति: राज्यपाल
रांची। राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को राज्य के विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक के रिक्त पदों पर नियुक्ति के लिए राजभवन में बैठक की। उन्होंने राज्य के विश्वविद्यालयों में सहायक प्राध्यापक के रिक्त पदों पर शीघ्र नियुक्ति का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि छात्रहित में यह आवश्यक है। उन्होंने कहा कि हमारे विद्यार्थियों को हर हाल में गुणात्मक शिक्षा मिले। राज्यपाल ने कहा कि यह हम सभी का सदा प्रयास होना चाहिए और इस दृष्टि से शिक्षकों की नियुक्ति अहम है। बैठक में रांची विवि के कुलपति प्रो रमेश पांडेय समेत तमाम विश्वविद्यालयों के कुलपति और अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।