नई दिल्ली: भले ही चिलचिलाती गर्मी आपको झुलसा रही हो, लेकिन यदि इस गर्मी को देखकर आप वोटिंग से पहले किसी हिल स्टेशन पर जाने का मन बना रहे हैं, तो इरादा छोड़ दीजिए। इस बार चुनाव के दौरान मौसम दिल्ली पर मेहरबान रहेगा। वोटिंग वाले दिन तापमान 40 डिग्री से भी कम रहेगा, यानी गर्मी आपको मतदान से नहीं रोकेगी।
मौसम विभाग के अनुसार अभी दिल्ली में काफी तेज गर्मी है। सोमवार को तापमान 41.2 डिग्री पहुंच गया। यह सामान्य से 3 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान भी 22.5 डिग्री रहा। अगले दो दिनों तक गर्मी की तपिश तेजी से बढ़ेगी और तापमान 43 डिग्री तक पहुंच सकता है, लेकिन इसके बाद बादल छाएंगे और मौसम में बदलाव होगा।
10 और 11 मई को तेज आंधी, हल्की बारिश और ओले की संभावना भी है। इसकी वजह से 12 मई को तापमान लुढ़ककर 39 डिग्री पर रह सकता है। न्यूनतम तापमान महज 24 से 25 डिग्री रहेगा। यानी सुबह करीब ग्यारह बजे तक तो मौसम काफी खुशनुमा रहेगा। स्काईमेट के अनुसार सोमवार को राजधानी में सबसे अधिक गर्मी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 42.4 डिग्री, रिज में 42.4 डिग्री और आया नगर व पालम में 42.2 डिग्री रही। मंगलवार को तापमान 42 डिग्री रहने की संभावना है।