नयी दिल्ली। तीन राज्यों में नौ लोगों की जान लेने के बाद चक्रवाती तूफान ‘फोनी’ ओड़िशा तट से टकराने के बाद कमजोर पड़ गया है। शुक्रवार शाम को मौसम विज्ञान विभाग ने यह जानकारी दी। सुबह ओड़िशा तट पर टकराने के साथ ही इस तूफान ने व्यापक तबाही मचायी। यूपी के चंदौसी में पांच लोगों की मौत बिजली गिरने से हो गयी, जबकि ओड़िशा में तीन लोगों की मौत की पुष्टि अधिकारियों ने कही है। झारखंड के पलामू में बारिश के कारण दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गयी। अकेले ओड़िशा में 12 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। इसके अलावा ‘फोनी’ के कारण ओड़िशा और आंध्रप्रदेश में 10 लाख से अधिक पेड़ गिर गये और कई जिलों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गयी। आंध्रप्रदेश में तीन-तीन किलो वजन के ओले गिरे हैं।
सुबह आठ बजे पुरी पहुंचा
भारी बारिश और करीब 225 किमी प्रति घंटे की रफ्तार की प्रचंड हवाओं के साथ चक्रवाती तूफान ‘फोनी’ ने शुक्रवार को सुबह ओड़िशा तट पर दस्तक दी। भयंकर तूफान के कारण इसके प्रभाव वाले इलाकों में कई जगह पेड़ उखड़ गये और झोंपड़ियां तबाह हो गयीं। पुरी के कई इलाके पानी में डूब गये हैं। अत्यधिक प्रचंड चक्रवाती तूफान ‘फोनी’ सुबह करीब आठ बजे पुरी पहुंचा। इसकी शुरुआत 175 किमी प्रति घंटे की हवाओं से हुई। हवा की रफ्तार 245 किमी प्रति घंटे तक पहुंची। चक्रवात के पहुंचने की प्रक्रिया पूरी होने में करीब तीन घंटे का समय लगा।
’पेज 16 भी देखें

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version