आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने शुक्रवार को विधानसभाध्यक्ष रवींद्रनाथ महतो को पत्र लिखकर बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष बनाये जाने का आग्रह किया है। चुनाव आयोग के निर्णय के आलोक में श्री प्रकाश ने यह आग्रह किया है। पत्र में उन्होंने कहा है कि 24 फरवरी को भाजपा की ओर से विधानसभाध्यक्ष को बाबूलाल मरांडी को नेता विधायक दल चुने जाने की सूचना दी गयी थी। अपेक्षा यह की गयी थी कि इसके बाद उन्हें नेता प्रतिपक्ष चुन लिया जायेगा। पर यह अब तक प्रतीक्षित है।
भाजपा में झाविमो का विलय हो चुका है

श्री प्रकाश ने कहा कि 11 फरवरी को झाविमो के प्रस्ताव के अनुसार भाजपा में झाविमो का विलय हो गया है। इस विलय को चुनाव आयोग ने मान्यता भी दे दी है। आयोग ने झाविमो का विघटन भी मान लिया है और झाविमो का चुनाव चिन्ह कंघी भी फ्रिज कर दिया है। झाविमो के चुनाव चिन्ह पर जीते दो विधायकों को पार्टी ने दल विरोधी कार्यों के कारण पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया है। इन दोनों विधायकों ने चुनाव आयोग के समक्ष झाविमो के कांग्रेस में विलय का दावा किया था। पर 18 मार्च को चुनाव आयोग ने उनके इस दावे को अमान्य कर दिया। भाजपा के झाविमो के विलय को आयोग ने मान्य किया है। ऐसे में बाबूलाल मरांडी को नेता प्रतिपक्ष बनाया जाये जिससे वे इस पद के संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन कर सकें।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version