रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने संकेत दिया है कि लॉकडाउन में चरणबद्ध तरीके से छूट दी जायेगी। पहले ग्रामीण क्षेत्रों में छूट दी गयी है। औद्योगिक क्षेत्रों में भी शर्त के साथ छूट दी गयी है। 30 से 35 प्रतिशत कर्मचारी औद्योगिक इकाइयों में एक समय काम कर सकते हैं। गुरुवार को मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि भारत सरकार के निर्देश के अनुसार क्रमवार छूट दी जायेगी। राज्य के हालात पर विचार किया जा रहा है। धीरे-धीरे आगे और भी निर्णय लिये जायेंगे। कोरोना के संक्रमण से बाहर आने पर दहशत से उबारने की दिशा में काम किया जा रहा है। बचेंगे तभी कुछ कर पायेंगे। एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि कई और हवाई जहाज आयेंगे। धनबाद के संदर्भ में पूछे गये एक सवाल के जवाब में सीएम ने कहा कि आरोपी अधिकारी के खिलाफ जांच होगी। मैंने इस पर संज्ञान लिया है। सीएम से पूछा गया था कि धनबाद में गर्भवती महिला को दी जानेवाली सुविधा और दवाइयां एक्सपायर कर गयीं, लेकिन अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गयी।

मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती छात्रों का जताया आभार
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने नेशनल लॉ स्कूल, बंगलुरु के पूर्ववर्ती छात्रों का आभार प्रकट किया है। सीएम ने गुरुवार सुबह ट्वीट कर कहा, नेशनल लॉ स्कूल, बंगलुरु के पूर्ववर्ती छात्रों के सहयोग एवं झारखंड एवं महाराष्ट्र सरकार के अधिकारियों समेत इस पुनीत कार्य में सम्मिलित सभी कोआॅर्डिनेटरों के अथक परिश्रम से आज 174 मजदूर सकुशल झारखंड अपने घर लौटे। इस नेक एवं अद्वितीय कार्य के लिए मैं एलुमनाई नेटवर्क आॅफ नेशनल लॉ स्कूल, बंगलुरु का आभार प्रकट करता हूं। सीएम ने कहा, कोरोना से संघर्ष में आप जैसे सक्षम सहयोगियों का खुद सामने आकर जरूरतमंदों की मदद करने से प्रेरित होकर अन्य कई व्यक्ति एवं संस्था भी भविष्य में मदद को सामने आयेंगे।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version