रांची। अरगोड़ा थाना क्षेत्र के कडरू स्थित निजी स्कूल डीएवी कपिलदेव स्कूल के प्रिंसिपल एमके सिन्हा को डीएवी प्रबंध समिति ने शुक्रवार को निलंबित कर दिया है। विद्यालय की महिला कर्मी के साथ अश्लील बातों का ऑडियो और वीडियो वायरल होने के बाद कार्रवाई हुई है। इस मामले में डीएवी प्रशासन ने एक जांच कमेटी भी बनायी है।

आरोपित प्रिंसिपल मनोज कुमार सिन्हा के विरुद्ध स्कूल की ही एक महिला कर्मी ने अरगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पीड़ित महिला ने प्रिंसिपल पर ब्लड प्रेशर चेक करने के बहाने चेंबर में बुलाकर अश्लील हरकत करने का आरोप लगाया है।

आरोप में कहा गया है कि वह महिला पर लगातार संबंध बनाने के लिए दबाव बनाता था। मोबाइल से पीड़िता को अश्लील वीडियो भेजता था। वीडियो चैट करके परेशान करता था। कई बार जबरदस्ती गलत काम करने का भी प्रयास किया। पीड़ित इन सभी घटनाओं का कई बार वीडियो बना चुकी है। लगातार यौन उत्पीड़न से तंग आकर महिला ने गत बुधवार को थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी।

गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी
प्रिंसिपल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। आरोपित प्रिंसिपल प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से फरार है। उसका मोबाइल भी बंद है। इस वजह से पुलिस को सही लोकेशन नहीं मिल पा रहा है।

हटिया डीएसपी जीतवाहन उरांव ने शुक्रवार को कहा कि पुलिस आरोपित प्रिंसिपल को पकड़ने के लिए हर संभव कदम उठाएगी। हटिया डीएसपी उरांव शुक्रवार को कडरु स्थित डीएवी स्कूल पहुंचे। अरगोड़ा थाना के प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि पुलिस टीम बनाकर प्रिंसिपल की गिरफ्तारी के लिए पूरा प्रयास किया जाएगा।

स्कूल के बाहर प्रदर्शन
स्कूल के बाहर हिन्दू वाहिनी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जमकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपित प्रिंसिपल की गिरफ़्तारी की मांग की है। इसके अलावा भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने डीएवी कपिलदेव स्कूल का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने आरोपित प्रिंसिपल मनोज कुमार सिन्हा की गिरफ्तारी की मांग की।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version