रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और गांडेय विधायक कल्पना सोरेन ने मंगलवार की सुबह रांची स्थित लोकभवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की। राष्ट्रपति के झारखंड दौरे के क्रम में यह एक औपचारिक शिष्टाचार भेंट थी। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति का गर्मजोशी से स्वागत किया और राज्य के विभिन्न विषयों पर संक्षिप्त चर्चा की।
गुमला के ‘कार्तिक जतरा’ में शामिल होंगी राष्ट्रपति लोकभवन में इस संक्षिप्त मुलाकात के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सड़क मार्ग से गुमला जिले के लिए रवाना हो गईं। राष्ट्रपति गुमला के रायडीह प्रखंड में आयोजित होने वाले भव्य अंतरराज्यीय जनसांस्कृतिक समागम ‘कार्तिक जतरा 2025’ में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगी। यह कार्यक्रम आदिवासी संस्कृति और परंपराओं का एक बड़ा संगम है, जहाँ राष्ट्रपति जनजातीय समुदायों को संबोधित भी कर सकती हैं।
राष्ट्रपति के गुमला दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। लोकभवन से लेकर गुमला तक के मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गई है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ट्वीट कर इस मुलाकात की जानकारी साझा की और राष्ट्रपति के झारखंड आगमन पर हर्ष व्यक्त किया।

