रांची। रांची एसीबी की विशेष कोर्ट में बीज घोटाला के आरोपित पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद भोक्ता की डिस्चार्ज पिटीशन पर शुक्रवार को सुनवाई हुई। सुनवाई के दौरान मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने खुद अदालत के समक्ष बहस की। अपनी बहस के दौरान उन्होंने एसीबी के विशेष न्यायाधीश प्रकाश झा के अदालत को बताया कि उन्होंने कोई गड़बड़ी नहीं की है, फिर भी उनके ऊपर बीज घोटाला में प्राथमिकी कर दी गई है।

अपनी बेगुनाही साबित करने के लिए उन्होंने अदालत में कुछ दस्तावेज भी सौंपने के लिए समय मांगा, जिसके बाद कोर्ट ने इस केस की अगली सुनवाई के लिए छह जून की तारीख तय की है। उल्लेखनीय है कि सत्यानंद भोक्ता पहले राज्य के कृषि मंत्री रह चुके हैं। वह फिलहाल हेमंत सोरेन की कैबिनेट में श्रम मंत्री हैं। बीज घोटाला मामले में नामजद आरोपित सत्यानन्द भोक्ता सहित अन्य पर करीब 20 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप है। इस मामले उन्हें गिरफ्तार भी किया गया था।

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version