-देवघर से शुरू होगा तीन दिनी दौरा
-खूंटी के उलिहातू में भी है कार्यक्रम
-तैयारियां पूरी, प्रशासन हाइ अलर्ट पर

आजाद सिपाही संवाददाता
रांची। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अपने तीन दिवसीय झारखंड दौरे की शुरूआत बुधवार सुबह देवघर से करने जा रही हैं। यहां सबसे पहले वह द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक बाबा बैद्यनाथ का दर्शन-पूजन करेंगी और फिर रांची के लिए रवाना हो जायेंगी। वह देश की चौथी राष्ट्रपति होंगी, जो बाबा के दरबार में हाजिरी लगाने आ रही हैं। इससे पूर्व देश के पहले राष्ट्रपति डॉ राजेंद्र प्रसाद, प्रणब मुखर्जी और रामनाथ कोविंद पद पर रहते हुए बाबा की पूजा-अर्चना कर चुके हैं। राष्ट्रपति के आगमन को लेकर देवघर में उत्सवी माहौल है। राष्ट्रपति करीब दो घंटा 25 मिनट देवघर में रुकेंगी। उनका 50 मिनट का समय बाबा मंदिर में गुजरेगा। 22 जून 2022 को राष्ट्रपति पद पर आसीन होने के बाद झारखंड में यह उनका दूसरा दौरा है।

तैयारियां पूरी, हाइ अलर्ट पर प्रशासन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के झारखंड दौरे को लेकर रांची पुलिस 24 से 26 मई तक हाइ अलर्ट पर रहेगी। देवघर, रांची और खूंटी के बाद राष्ट्रपति रांची में राजभवन में रहेंगी। राष्ट्रपति रांची में हाइकोर्ट के नये भवन के उद्घाटन समारोह और नामकुम स्थित आइआइआइटी के दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। इन जगहों पर भी सुरक्षा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है। पुलिस मुख्यालय ने रांची पुलिस को ढाई हजार अतिरिक्त बल दिये हैं।
देवघर एयरपोर्ट से बाबा मंदिर तक जाने के रास्ते में दो हजार अतिरिक्त बल की तैनाती की गयी है। खूंटी में भी महिला समूहों के कार्यक्रम में राष्ट्रपति के आगमन को लेकर तैयारी की गयी है। पुलिस मुख्यालय ने आठ सौ अतिरिक्त फोर्स तैनात किये हैं। इन सबके अलावा अलग से ट्रैफिक फोर्स की भी तैनाती की गयी है। 24 मई को बाबा वैद्यनाथ मंदिर में सुबह 6 बजे से 10.30 बजे तक आम श्रद्धालुओं के पूजन और दर्शन पर रोक रहेगी।

ऊंची इमारतों पर भी तैनात रहेंगे सुरक्षा बल
रांची में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन तक सुरक्षा के मद्देनजर बहुमंजिली इमारतों पर भी सशस्त्र जवानों की तैनाती की गयी है। डॉग स्कवायड और बम निरोधक दस्ता भी अलर्ट पर है। सोमवार को डीसी राहुल कुमार सिन्हा और एसएसपी कौशल किशोर द्वारा संयुक्त आदेश में सभी पदाधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गयी।

कौन संभालेगा जिम्मेदारी
राष्ट्रपति के दौरे को लेकर एडीजी मुख्यालय एमएल मीणा को 24 मई को देवघर में तैनात किया गया है। रांची में 115 इंस्पेक्टर, 717 एसआइ और एएसआइ, पुरुष लाठी बल 2820, महिला लाठी बल 83, सशस्त्र बल 35, बम निरोधक दस्ता तीन, रैप की चार कंपनी डॉग स्क्वॉयड की दो के अलावा तीन टीयर गैस और एटीएस के दो कर्मियों की तैनाती होगी। 24 से 26 मई तक विधि-व्यवस्था को लेकर आठ मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति की गयी है। वहीं, कचहरी चौक पर बनाये गये कंपोजिट कंट्रोल रूम में दो मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।

रांची में कारकेड का मॉक ड्रिल
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के आगमन को देखते हुए भगवान बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से राजभवन के बीच मॉक ड्रिल किया गया। एसपी ट्रैफिक, ट्रैफिक डीएसपी समेत पुलिस विभाग के वरीय पदाधिकारी मॉक ड्रिल में शामिल हुए। एयरपोर्ट से राजभवन के बीच ट्रैफिक को रोक कर रखा गया। सेना की 10 बुलेट बाइक की टीम भी मॉक ड्रिल में शामिल हुई।

तीन दिन का पूरा कार्यक्रम
24 मई का कार्यक्रम
सुबह 8.55 बजे- देवघर एयरपोर्ट पर आगमन
9.30 से 10.10 बजे- बाबा बैद्यनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना
11.20 बजे-देवघर से रांची के लिए प्रस्थान
12.00 बजे-रांची एयरपोर्ट पर आगमन
12.10 बजे- बिरसा चौक स्थित बिरसा मुंडा स्मारक स्थल के लिए प्रस्थान
12.20 बजे- बिरसा चौक स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण
12.30 बजे- बिरसा चौक से अल्बर्ट एक्का चौक के लिए प्रस्थान
12.40 से 12.50 बजे- अल्बर्ट एक्का चौक पर माल्यार्पण
13.10 बजे- राजभवन आगमन
4.40 बजे- झारखंड हाइकोर्ट के लिए प्रस्थान
5.00 से 6.00 बजे- झारखंड हाइकोर्ट के नये भवन का उद्घाटन कार्यक्रम
6.10 बजे- राजभवन आगमन
25 मई के कार्यक्रम
8.45 बजे- राजभवन से हेलीपैड के लिए प्रस्थान
9.10 बजे- खूंटी के लिए प्रस्थान
9.30 बजे- बिरसा कॉलेज खूंटी में आयोजित कार्यक्रम
12.45 बजे- राजभवन आगमन
3.30 बजे- ट्रिपल आइटी का दीक्षांत समारोह
5.20 बजे- राजभवन आगमन
26 मई के कार्यक्रम
10.45 बजे- राजभवन से रांची एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान
11.10 बजे- दिल्ली के लिए प्रस्थान

 

Share.

Comments are closed.

Exit mobile version