पटना। मुख्यमंत्री पद को लेकर भाजपा में चल रहे खींचतान पर बिहार जद(यू) के प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने तंज कसते हुए कहा कि बिहार भाजपा अंदरूनी तौर पर कई खेमों में बंट चुकी है। मुख्यमंत्री पद की महत्वाकांक्षा में भाजपा के नेता आपस में ही रस्सा-कस्सी कर रहे हैं लेकिन यह हसीन सपना कभी साकार नहीं होने वाला।
प्रदेश अध्यक्ष ने बुधवार को बयान जारी कर कहा कि एक तरफ गिरिराज सिंह मुख्यमंत्री पद को लेकर सम्राट चौधरी के नारे लगवा रहे हैं और दूसरी तरफ छपरा के सांसद राजीव प्रताप रूडी भरे मंच से खुद को मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित कर रहें हैं। भाजपा में यह उठापटक इस बात को दर्शाता है कि पार्टी भीषण अंतर्कलह से ग्रसित है।
भाजपा नेताओं पर तल्ख टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि उनके सांसद और केंद्रीय मंत्री जनता से सम्बंधित आधारभूत सुविधाओं और उनकी समस्याओं पर ध्यान देने के बजाए व्यक्तिगत महत्वाकांक्षा के नशे में मदहोश हैं। जो लोग मुख्यमंत्री पद की दावेदारी पेश कर रहे हैं उन्हें पहले इस बात का हिसाब देना चाहिए कि उन्होंने सांसद रहते अपने लोकसभा क्षेत्र में विकास सम्बंधित कौन से काम किए और उनके क्षेत्र की जनता को इतने वर्षों में क्या-क्या लाभ मिला।
प्रदेश अध्यक्ष ने पूछा कि बीते दिनों रूडी बिहार सरकार पर आरोप लगाते हुए कह रहे थे कि अगर राज्य सरकार जमीन आवंटित करें तो हर जिले में एक एयरपोर्ट का निर्माण होगा। यह वक्त्व्य देने से पहले उन्हें यह स्पष्ट करना चाहिए कि भाजपा शासित गुजरात और उत्तरप्रदेश में क्या हर जिले में एयरपोर्ट का निर्माण हुआ है? अगर नहीं हुआ तो इसके लिए कौन जिम्मेदार है? बिहार की होशियार जनता ऐसे लोगों से भलीभांति परिचित हैं। अनावश्यक बयानबाजी से कुछ हासिल नहीं होने वाला है।